
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रवृति की स्वीकृति व वितरण के संबंध में एक वार्षिक कैलेंडर तैयार करने का निर्देश अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति,अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारियों को दिया है. सीएम ने यह भी कहा है कि छात्रवृति का भुगतान समय पर किया जा सके ताकि विधार्थी लाभान्वित हो. सीएम ने बीते दिनों विभागीय समीक्षा में इसके अलावा सभी उपायुक्तों को भी इसकी लगातार समीक्षा का निर्देश दिया है.
वेरिफिकेशन का काम भी लगातार करने को कहा है ताकि किसी भी छात्र को छात्रवृति मिलने में अनावश्यक विलंब न हो. सीएम ने इसके अलावा यह सुनिश्चित करने को कहा है कि छात्रवृति योजना का गलत तरीके से कोई लाभ न उठाये. गलत करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई भी करने का निर्देश उन्होंने दिया है. सभी उपायुक्तों को प्री-मैट्रिक छात्रवृति का भुगतान समय पर करने के साथ-साथ विभाग के द्वारा दिए गये गाइडलाइन का भी अनुपालन करने को कहा है.




