
Dhanbad: पश्चिम बंगाल पुलिस ने चिरकुंडा थाना क्षेत्र के सोनारडंगाल स्थित सूरज इंटरप्राइजेज कंपनी में बुधवार को छापेमारी कर एक टन फेरो सिलिकान जब्त किया है. कंपनी संचालक सूरज ठठेरा छापेमारी की खबर पाते ही चुपके से वहां से भाग निकला. बंगाल पुलिस सूरज इंटरप्राइजेज में फेरो सिलिकान बेचने वाले चेतन जायसवाल को भी तलाश रही है. उसके घर पर भी पुलिस ने दबिश दी जहां वह नहीं मिला.
पश्चिम बंगाल स्थित पांडेश्वर थाना के एसएचओ रवींद्रनाथ पुली ने बताया कि 15 नवंबर को फेरो सिलिकान लोड वाहन हरियाणा से चलकर मैथन टोल प्लाजा के पास पहुंचा था. वहां इसे छोटी गाड़ी में उतारा गया. सूरज इंटरप्राइजेज में लाकर 12 टन सिलिका बेच दिया गया, जबकि ट्रक चालक सह मालिक धर्मेंद्र की हत्या कर पांडेश्वर में फेंक दिया गया. हत्या के दिन लगभग 12 टन सिलिकान सूरज इंटरप्राइजेज द्वारा खरीदा गया था. गाड़ी में 50 लाख रुपए का सिलिकान लोड था. बता दें कि फेरो सिलिकान एक तरह का धातु है जो काफी कीमती होता है. यह लोहा गलाने वाले प्लांटों में आयरन ओर के साथ मिक्स किया जाता है.
पश्चिम बंगाल स्थित पांडेश्वर थाना के एसएचओ रवींद्रनाथ पुली ने बताया कि ट्रक आसनसोल के घाघर बुरही के समीप सड़क के किनारे खाली मिला था. धर्मेंद्र हत्याकांड की तहकीकात करते हुए बुधवार को पांडेश्वर थाना की पुलिस चिरकुंडा पुलिस के सहयोग से सूरज इंटरप्राइजेज तक पहुंची. एक टन फेरो सिलिकान बरामद हुआ. बंगाल पुलिस जब्त एक टन फेरो सिलिकान को अपने साथ ले गई.
रवींद्रनाथ पुली ने बताया कि इस मामले में अब तक पांच लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. सिलिकान चोरों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है. पुलिस टीम में अजय मंडल, संजय घोष, विक्रम बहादुर थापा आदि शामिल थे.
इसे भी पढ़ें – Saraikela : लड़की को लेकर हुआ विवाद तो कैंपस में लोडेड पिस्टल लेकर पहुंच गया नाबालिग छात्र




