
Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह पेट्रोल पंप के समीप छेड़खानी का विरोध करने पर एक टेंपो चालक की युवकों ने जमकर पिटाई कर दी. उसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है. घायल टेंपो चालक जरनैल सिंह बारीडीह के फौजा बगान का रहने वाला है. वह साकची-बारीडीह रूट पर टेंपो चलाता है. उसके मुताबिक वह सवारी लेकर साकची से बारीडीह जा रहा था. उसके टेंपो में तीन महिलाएं भी बैठी थी. उसी बीच रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने महिलाओं से छेड़खानी की. उसने जोरदार विरोध किया. कुछ देर के लिए मामला वहीं शांत हो गया था, लेकिन साकची से महिलाओं को छोड़कर घर लौटते वक्त युवकों ने बारीडीह पेट्रोल पंप के पास टेंपो चालक की रोककर जमकर पिटाई कर दी. इस मामले में थाना में जरनैल सिंह ने एग्रिको शिव सिंह बागान के रहने वाले तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- पत्नी से तलाक के बाद नशे का आदि हो गया था, फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या




