
Munger: जिले में पिछले दिनों एक महिला दीपिका शर्मा की हत्या घर में अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी. इसका पुलिस ने खुलासा कर दिया है. महिला की हत्या उसके सीआईएसएफ में काम करने वाले पति ने अपने भाइयों की सहायता से सुपारी देकर अपराधियों से कराई थी. 1.20 लाख में सौदा तय हुआ था.
पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इसमें मृतका का पति रवि कुमार, मृतका का देवर छोटू शर्मा उर्फ आकाश शर्मा, रवि का फुफेरा भाई सुमित कुमार, शूटर गौतम कुमार और संजीव कुमार शामिल है.
पुलिस ने बताया कि घटना को शूटर गौतम कुमार, संजीव कुमार और पतलू ने अंजाम दिया था. घटना के समय मृतका का देवर छोटू और सुमित घर पर ही थे.
कोतवाली थाना क्षेत्र के शामपुर निवासी शूटर गौतम ने पुलिस को बताया कि सुमित मृतका के पति का फुफेरा भाई है जिसने फोन कर बताया था कि उसका भाई रवि सीआइएसएफ धनबाद में कार्यरत है. वह अपनी पत्नी की हत्या करवाना चाहता है जिसके बाद एक लाख बीस हजार रुपये में सौदा तय हुआ था. सुमित ने ही अपने मेमेरे भाई रवि से फोन पर बात करायी थी और एडवांस के रूप में बीस हजार रुपये भी दिए थे.




