Court News

हाइकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पूर्व सहायक अभियंता अरुण सिंह व अन्य को वेकेंसी की तिथि से पदोन्नति देने का दिया निर्देश

Ranchi : झारखंड हाइकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश देते हुए कहा है कि एएमआइई डिग्री धारक जूनियर इंजीनियरों को भूतलक्षी प्रभाव से रिक्ति की तिथि से पदोन्नति दी जा सकती है. सरकार के एक आदेश और पटना हाइकोर्ट के एक आदेश को आधार बनाते हुए जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने प्रार्थी अरुण सिंह व अन्य को वेकेंसी की तिथि से पदोन्नति देने का निर्देश दिया. अरुण कुमार सिंह पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में सहायक अभियंता के पद पर थे.

याचिका में कहा गया है कि जूनियर इंजीनियर की नियुक्ति से पहले उन्होंने एएमआइई डिग्री हासिल की थी. सेवा के पांच साल पूरा होने पर वह एएमआइ कोटे से प्रोन्नति के हकदार थे.

इसे भी पढ़ें – अब हाईकोर्ट के डबल बेंच में होगी निजी स्कूलों में फीस मामले की सुनवाई

सहायक अभियंता के पद प्रोन्नति के लिए एएमआइ डिग्री वालों के लिए दस प्रतिशत कोटा निर्धारित है. वर्ष 2002 में उन्हें सहायक अभियंता के पद पर उनके पूर्व के वेतनमान पर पदस्थापित किया गया.

प्रमोशन के लिए 9.5.2006 को डीपीसी की बैठक हुई. इसमें प्रार्थी अरुण सिंह को रिक्ति की तारीख वर्ष 2002 से प्रोन्नति देने की सिफारिश की गयी. लेकिन विभाग ने प्रार्थियों को 15.1.2007 को योगदान की तिथि से पदोन्नति थी. इसके खिलाफ प्रार्थियों ने हाइकोर्ट ने याचिका दायर की.

प्रार्थियों की ओर से पक्ष रखते हुए अधिवक्ता सौरभ शेखर ने अदालत को बताया कि सरकार का योगदान देने की तिथि से प्रमोशन देने का आदेश गलत है, क्योंकि विभागीय प्रोन्नति समिति ने रिक्ति की तिथि से पदोन्नति की सिफारिश की है इस कारण उन्हें वर्ष 2002 से ही इसका लाभ मिलना चाहिए.

इसे भी पढ़ें – मानसून सत्रः रोजगार पर चर्चा से पीछे हटी सरकार, विपक्ष का जोरदार हंगामा

जबकि सरकार का कहना है कि रिक्ति की तिथि से उन कनीय अभियंताओं को प्रमोशन दिया जायेगा जो सेवा में रहते हुए एएमआइ की डिग्री हासिल किये हैं.

सेवा से पहले डिग्री हासिल करनेवालों को इसका लाभ नहीं दिया जा सकता. प्रार्थी ने डिग्री पहले हासिल की है इसके बाद योगदान दिया है. इस कारण उन्हें योगदान की तिथि से ही प्रोन्नति का लाभ मिलेगा.

दोनों पक्षों के सुनने के बाद अदालत ने सरकार को 22.7. 1998 के उस आदेश का हवाला देते हुए प्रार्थियों को रिक्ति की तिथि से प्रमोशन देने का निर्देश दिया, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति रिक्ति की तिथि से दी जायेगी. सेवा में आने से पहले और सेवा के दौरान एएमआइई डिग्री लेने वालों के बीच किसी प्रकार का अंतर नहीं किया गया है.

अदालत ने पटना हाइकोर्ट के एक आदेश का हवाला भी दिया जिसमें भूतलक्षी प्रभाव से प्रमोशन देने का आदेश दिया गया है.

इसे भी पढ़ें – CM हेमंत को ज्ञापन देने जा रहे आजसू कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मोरहाबादी मैदान में रोका

Related Articles

Back to top button