
Bhagalpur: बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है. आए दिन हत्या लूट की खबरें आ रही है. पुलिस इनके सामने बेबस नजर आ रही है. ताजा मामला तातारपुर क्षेत्र के अमीर हसन लेन का है जहां टीएमबीयू में पीजी बॉटनी के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. शहाब अहमद के बेटे सैफ शहाब (26) की घर के गेट पर मां के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गयी. शुक्रवार देर शाम पौने आठ बजे बदमाशों ने कॉल कर सैफ को बुलाया और घर से निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने सिर में पीछे से गोली मार दी. परिजन सैफ को लेकर मायागंज पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. सैफ बीसीए फाइनल ईयर का छात्र था.
इसे भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट को जल्द मिलेंगे पांच नये जज, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दी मंजूरी
परिजनों ने बताया कि बाइक से तीन बदमाश आये थे. बदमाशों ने पहले गेट खटखटाया. जोर से दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर सैफ की मां शेरुण निशा बाहर निकली और पूछा कि कौन है. वह समझ गयी कि कोई लफंगा है, इसलिए गेट नहीं खोला. खटखटाने पर गेट नहीं खुला तो बदमाश ने सैफ के मोबाइल पर कॉल कर उसे बाहर बुलाया. सैफ जैसे ही बाहर निकला, उसकी मां भी पीछे से निकल गयी. उस समय बिजली कटी हुई थी. मां ने बताया कि बाइक पर तीन लड़के सवार थे. कुछ ही सेकेंड की बातचीत के बाद बाइक पर पीछे बैठे लड़के ने मुड़कर सैफ को गोली मार दी. मां के सामने ही बेटा गोली लगने पर गिर पड़ा.
इसे भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी की नियुक्ति पर नीरज सिन्हा को भेजा नोटिस, दो सप्ताह में पक्ष रखने को कहा
सैफ को खोज रहे तीनों बदमाश जब्बारचक में रहने वाले उसके एक दोस्त विक्की के पास पहले पहुंचे थे. वहां सैफ के बारे में पूछा तो विक्की ने कहा कि उसे सैफ के बारे में नहीं पता. उसके बाद वे तीनों सैफ के घर की तरफ निकल गये. उनके निकलते ही विक्की ने सैफ को मैसेज किया और उसे किसी भी हाल में घर से नहीं निकलने को कहा. जब विक्की ने मैसेज किया तो सैफ उस समय मोबाइल पर मूवी देख रहा था, जिस वजह से वह विक्की का मैसेज नहीं पढ़ सका और हत्या के लिए आये बदमाश का कॉल आने पर घर से निकल गया. परिजन सैफ की हत्या के पीछे कोई भी कारण नहीं बता रहे.
जिस समय सैफ को उसके ही घर के गेट पर गोली मारी गयी, उस समय बिजली कटी हुई थी जिस वजह से उसकी मां उन बदमाशों का चेहरा ठीक से नहीं पहचान सकी. सैफ पर दो गोली चलने की आवाज सुनी गयी. ऐसी आशंका है कि एक गोली उसे नहीं लगी जबकि दूसरी लग गयी. गोली लगते ही वह अपने घर के गेट के ठीक बाहर गिर पड़ा. उसे गोली लगते ही उसकी मां जोर से चिल्लाने लगी. इसके बाद कुछ लोग इकट्ठा हो गये. तीनों बाइक सवार बदमाश नगर निगम के गोदाम की तरफ मुख्य सड़क पर भाग निकले.
घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात, एएसपी सिटी पूरन झा और तातारपुर इंस्पेक्टर एसके सुधांशु घटनास्थल पर पहुंचे. जब पता चला कि विक्की नाम के युवक ने सैफ को मैसेज किया है तो विक्की को पुलिस ने बुलाया और उसे फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी तो उसने एक बदमाश की पहचान पुलिस को बता दी. उसकी तलाश में पुलिस कई जगहों पर छापेमारी के लिए पहुंची.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सैफ की कुछ गलत लड़कों से संगति हो गयी थी. जिस विक्की ने सैफ को घर से नहीं निकलने को लेकर मैसेज किया था वह कुछ ही दिन पहले जेल से छूटकर आया है. तातारपुर पुलिस ने उसे बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा था. इस तरह की संगत को देखकर ही सैफ को पढ़ाई के लिए दिल्ली भी भेजा गया था पर लॉकडाउन की वजह से वापस लौट गया जिसके बाद डिस्टेंस एजुकेशन के तहत उसका एडमिशन करा दिया गया. सैफ के पिता ने बताया कि उनका बेटा दिल्ली में रहता है. एक बेटी भी है. सैफ तीनों में छोटा था.
सिटी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हत्या के कारण का पता किया जा रहा है. घटना में शामिल अपराधियों में एक की पहचान हो गई है. उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है. एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.




