BiharLead News

बिहार में सड़क दुर्घटना में मौत पर आश्रितों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये मिलेंगे

Patna: बिहार में मोटर वाहन दुर्घटना को लेकर नियम में कई बदलाव किये जा रहे हैं. इसके तहत सड़क दुर्घटना में मौत और घायल होने पर मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है. जान गंवाने वालों के आश्रितों को जहां पांच लाख रुपये मिलेंगे वहीं घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. 15 सिंतबर से राज्य सरकार ने इसे लागू करने का ऐलान कर दिया है. इस संबंध में परिवहन सचिव ने आदेश जारी किया है. इसके लिए एक विशेष साफ्टवेयर भी तैयार किया जा रहा है जिससे पीड़ितों और उनके परिजनों को मुआवजा मिलने में देरी न हो पाए.

 

इसे भी पढ़ें : आरइओ में ठेकेदारी करने का मिलेगा मौका, निबंधन शुरू

 

सभी डीएम, एसएसपी, एसपी को जारी किया गया आदेश

परिवहन सचिव ने राज्य के सभी डीएम, एसएसपी, एसपी को जारी किए गए आदेश में कहा है कि मोटरवाहन दुर्घटना के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु की स्थिति में मृतक के आश्रित को या गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अंतरिम मुआवजा भुगतान के लिए बिहार मोटरगाड़ी ( संशोधन -1) नियमावली, 2021 एवं बिहार मोटरवाहन दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण ( संशोधन -1 ) नियमावली , 2021 की अधिसूचना जारी की गई है. इसे 15 सितंबर 2021 से लागू किए जाने का निर्णय लिया गया है.  इस नियमावली के अधीन राज्य के सभी अनुमंडल पदाधिकारी दुर्घटना दावा जांच पदाधिकारी एवं राज्य के सभी जिला पदाधिकारी दुर्घटना दावा मूल्यांकन पदाधिकारी होंगे . इसके तहत वाहन दुर्घटना के कारण किसी भी व्यक्ति की मृत्यु की स्थिति में मृतक के आश्रित को 5 लाख और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये तत्काल अंतरिम मुआवजा भुगतान का प्रावधान किया गया है .

 

बिहार वाहन दुर्घटना सहायता निधि का गठन

मुआवजा को लेकर बिहार वाहन दुर्घटना सहायता निधि का गठन मुख्यालय स्तर पर किया गया है. इस निधि से सचिव, जिला सड़क सुरक्षा समिति सह जिला परिवहन पदाधिकारी को आवंटन उपलब्ध कराया जाएगा. संबंधित जिला पदाधिकारी द्वारा इस मद से वास्तविक देनदारों को तत्काल मुआवजा भुगतान की कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद संबंधित बीमा कंपनी से राशि की प्रतिपूर्ति प्राप्त की जाएगी.

 

जिला, अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारियों को बिहार मोटरवाहन दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (संशोधन -1) नियमावली, 2021 तथा बिहार मोटरगाड़ी (संशोधन -1) नियमावली , 2021 की पूर्ण जानकारी दी जाए. आदेश दिया गया है कि जिला स्तर पर इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाए, ताकि नियमावली के प्रभावी होने की तिथि 15 सितंबर से वाहन दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों में तत्काल मुआवजा भुगतान एवं दावा निष्पादन की कार्रवाई संशोधित प्रावधानों के अन्तर्गत हो सके .

Related Articles

Back to top button