
Patna: बिहार पुलिस विभाग में ऐसा पहली बार हुआ है जब अपने ही अधिकारी को पकड़ने के लिए विज्ञापन छपवाया गया है. मामला नाबालिग दलित बच्ची के साथ रेप का है. मामले के मुख्य आरोपी निलंबित डीएसपी कमलकांत प्रसाद हैं और मामला सामने आने के बाद फरार चल रहे हैं. इनका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने विज्ञापन का सहारा लिया है. पुलिस मुख्यालय ने अखबार में फ़ोटो के साथ विज्ञापन छपवाते हुए लोगों से इनकी सूचना देने की अपील की है. साथ ही कहा है कि जानकारी देने वालों का नाम गुप्त रखा जायेगा.
विज्ञापन में डीजीपी कंट्रोल रूम के तीन लैंडलाइन नंबरों को जारी किया गया है, जिसमें 0612-2294318, 2294319 और 2294323 शामिल है. इसके अलावा पब्लिक मोबाइल नंबर 8986912807, 8986912819, 9955172600, 9470725591 पर भी कॉल कर जानकारी दे सकते हैं.
इसे भी पढ़ेंःJharkhand Corona Update: 13 जिलों में मिले 32 संक्रमित, सिमडेगा व चतरा में एक भी सक्रिय मरीज नहीं
यह है मामला
आरोप है कि गया में DSP रहते हुए कमलाकांत प्रसाद ने अपने ही सरकारी आवास पर एक नाबालिग के साथ रेप किया था. पुलिस की शुरुआती जांच में आरोप को सही पाया गया था. इसके बाद गया के महिला थाना में एफआईआर नंबर 18/2021 दर्ज की गई थी. फरार कमलाकांत प्रसाद मूल रूप से बक्सर जिले का रहने वाला है. रेप के इस मामले को सीआईडी के तहत आने वाले ‘वीकर सेक्शन’ की टीम भी देख रही है. कमलाकांत प्रसाद का अपनी पत्नी के साथ भी रिश्ता अच्छा नहीं रहा है.
डीएसपी के पकड़े जाने पर मुख्यालय को सूचना दें
वीकर सेक्शन के एडीजी अनिल किशोर यादव ने राज्य के सभी जिलों के एसएसपी/ एसपी को एक लेटर लिखा है. लेटर के जरिए सभी को निर्देश दिया गया है कि निलंबित डीएसपी कमलाकांत प्रसाद जहां भी दिखे, वहीं उन्हें गिरफ्तार करना है. इसके लिए सभी जिलों के पुलिस कप्तान अपने थानेदारों को अलर्ट कर दें. कमलाकांत के पकड़े जाते ही तत्काल इसकी सूचना मुख्यालय को दें.




