पटना : दिल्ली के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के बाद, अब बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के देश में असहिष्णुता वाले बयान का समर्थन किया है। आमिर के इस बयान से देश में तहलका मचा हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के छोटे बेटे, तेजस्वी यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, “आमिर सही हैं देश में असहिष्णुता बढ़ी है। कई कलाकारों, लेखकों और अन्य लोगों ने विरोध में अपने राष्ट्रीय पुरस्कारों की वापसी की घोषणा की है।”
तेजस्वी ने कहा कि आमिर से पहले भी अन्य हस्तियों ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि देश में असहिष्णुता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, “आमिर से पहले भी असहिष्णुता पर कई लोगों ने कहा है और आगे आने वाले दिनों में भी कहेंगे।”
राजद नेता ने कहा, “हमें देश में बढ़ रही असहिष्णुता के खिलाफ लड़ना होगा।”
वहीं भारतीय जनता पार्टी और अन्य संगठन आमिर के इस बयान की आलोचना कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “केंद्र सरकार को असहिष्णुता को नियंत्रित करने के लिए अविलंब जाग जाने की जरूरत है।”




