
Ranchi: हटिया-राउरकेला पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त. ट्रेन का इंजन बोगी से अलग होकर नदी में गिर गया. रेलखंड के कानोरआं स्टेशन के समीप करीब साढ़े आठ बजे हादसा हुआ. घटनास्थल हटिया स्टेशन से करीब सौ किमी दूर है. रेलवे के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि ट्रेन में करीब 400 यात्री सवार थे, सभी बाल-बाल बचे हैं.
हटिया स्टेशन से ट्रेन शाम पांच बजे के करीब खुली थी. बताया जा रहा है कि केबिन मैन की गलती से ट्रेन गलत ट्रैक पर चली गई. इंजन के बोगी से अलग होते ही,ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. जानकारी के अनुसार कानारोआं स्टेशन के निकट दक्षिण केबिन के पोल संख्या 526 के 7-8 के पास हटिया-राउरकेला पैसेंजर ट्रेन का इंजन देव नदी में गिर गया. ट्रेन का चालक भी बाल बाल बच गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही रेल पथ निरीक्षक प्रेमानन्द उपाध्याय,विद्याधर भोई, सनत कुमार मिश्र,अवधेश कुमार,परवीन कुमार एवं आरपीएफ थाना प्रभारी विजय पांडेय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली. सेक्सन इंचार्ज निर्मल कुमार, शिव शंकर सिंह, ट्राली मैन निर्मल महतो एवं अभिषेक कुमार घटना स्थल पर पहुंच कर मदद कर रहे हैं. चालक अजित कुमार,लोको पायलट बिजेंद्र कुमार सुरक्षित हैं. घटना के बाद सभी यात्रियों को कानारोआं स्टेशन पर रोका गया है.




