Corona_UpdatesJharkhandRanchi

तीसरी लहर से निपटने की कार्ययोजना बना रही है सरकारः हेमंत सोरेन

संथाल परगना प्रमंडल एवं पलामू प्रमंडल के सभी सांसदों-विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग पर विचार-विमर्श

Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय से कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर संथाल परगना प्रमंडल एवं पलामू प्रमंडल के सभी सांसदों व विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विचार-विमर्श किया.

सभी सांसदों व विधायकों के विचार एवं सुझाव से अवगत होने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि निश्चित रूप से वर्तमान समय बहुत ही चिंता की घड़ी है. सभी लोग कठिन दौर से गुजर रहे हैं. पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण के दौर से ग्रसित है.

हम भी अछूते नहीं हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए चुनौती अधिक है क्योंकि झारखंड एक पिछड़ा राज्य है. यहां के 70% लोग ग्रामीण क्षेत्र में वास करते हैं.

अधिकतर लोगों का जीवन-यापन खेती-बाड़ी अथवा मजदूरी से चलता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहली लहर में हम सभी लोगों ने मिल कर संक्रमण के नियंत्रण और प्रसार को रोकने के लिए काम किया था. पहले पड़ाव के उपरांत ठीक से खड़े भी नहीं हो पाये थे और संक्रमण की दूसरी लहर आ गयी.

इसे भी पढें :बिरसा जीवन आयुष प्रोग्राम :  होम आइसोलेशन में रहनेवाले मरीजों के घरों तक पहुंचाया जायेगा किट 

कोरोना वायरस जाति-धर्म अथवा अमीरी-गरीबी नहीं देख रहाः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना संक्रमण जाति-धर्म अथवा अमीरी-गरीबी नहीं देख रहा है बल्कि सभी के लिए कहर बरपा रहा है. आप सभी ने तीसरी लहर को लेकर चिंता जतायी है और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके विचार एवं सुझाव के अनुरूप ही राज्य सरकार तीसरी लहर से निपटने के लिए कार्य योजना बना रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी के सहयोग से राज्य सरकार ने पड़ोसी राज्य जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल इत्यादि की अपेक्षा कोरोना संक्रमण को लेकर बेहतर काम किया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच अच्छे कार्य करने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंटलाइनवर्कर धन्यवाद के पात्र हैं. मैं उन्हें नमन करता हूं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कई पदाधिकारी संक्रमित मरीजों की जान बचाते-बचाते अपनी जान गवां चुके हैं, उन्हें भी मेरा शत-शत नमन.

18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 14 मई 2021 से वैक्सीन दी जायेगी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आगामी 14 मई 2021 से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगायी जायेगी. लोगों को वैक्सीनेशन के लिए कोई शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है, राज्य सरकार नि:शुल्क वैक्सीनेशन का कार्य कर रही है.

14 मई से जैसे-जैसे वैक्सीन की उपलब्धता होगी, लोगों को हम वैक्सीन देने में सक्षम होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन के प्रति कोई भ्रम अथवा असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है.

कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है यह संदेश लोगों के बीच अधिक से अधिक प्रेषित करें. हम सभी के जीवन की सुरक्षा कवच के रूप में वैक्सीन अहम होगी.

कोविड-19 की पहली लहर से ही सरकार जांच बढ़ाने के लिए प्रयासरत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहले लहर से ही राज्य सरकार आरटीपीसीआर जांच मशीन बढ़ाने को लेकर गंभीर रही है. कोविड-19 की दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, यही कारण है कि जांच रिपोर्ट आने में थोड़ा विलंब हो रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द लोगों को मिल सके इस निमित्त राज्य सरकार द्वारा आरटीपीसीआर जांच के लिए दो कोबास कंपनी की मशीनों के लिए ऑर्डर दिया गया है. यह मशीन जून माह के अंत तक राज्य में स्थापित की जा सकेंगी.

इसे भी पढें :चीन के पिछल्लगू नेपाली पीएम केपी ओली नहीं बचा पाये अपनी गद्दी

ऑक्सीजन युक्त बेड की उपलब्धता पर पूरा फोकस

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय में रांची, धनबाद, जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में जीवन रक्षक दवाइयों से ज्यादा मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ रही है. जहां शुरुआती दौर में राज्य में मात्र 250 ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध थे आज हम राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 10,000 से अधिक ऑक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था कर सके हैं.

ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर अफरा-तफरी के माहौल से हमें निकालने का काम किया है.

इन्होंने रखे अपने महत्वपूर्ण विचार एवं सुझाव

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पलामू सांसद वीडी राम, राजमहल सांसद विजय हांसदा, चतरा सांसद सुनील सिंह, दुमका सांसद सुनील सोरेन, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री बादल, मंत्री हफिजुल हसन अंसारी, महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी, पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, बिश्रामपुर विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, लातेहार विधायक वैद्यनाथ राम, राजमहल विधायक अनंत ओझा, हुसैनाबाद विधायक कमलेश कुमार सिंह, सारठ विधायक रणधीर कुमार सिंह, लिट़्टीपाड़ा विधायक दिनेश विलियम मरांडी, भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही, डाल्टनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया, छत्तरपुर विधायक पुष्पा देवी, गोंडा विधायक अमित कुमार मंडल, दुमका विधायक बसंत सोरेन, देवघर विधायक नारायण दास ने अपने महत्वपूर्ण विचार एवं सुझावों से अवगत कराया.

बैठक में मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य उपस्थित थे.

इसे भी पढें :मानो या ना मानो : महिला का दावा, 52 बार किडनैप कर ले गये एलियंस

Related Articles

Back to top button