
New Delhi : देश में रोजाना बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या के बीच अच्छी खबर यह है कि भारत रोजाना वैक्सीनेशन के मामले में दुनिया में पहले नंबर पर पहुंच चुका है. इस मामले में अमेरिका भी भारत से पीछे छूट रहा है. देश में तीसरे चरण के टीकाकरण के बाद से प्रत्येक दिन औसतन 30 लाख से अधिक लोगों को टीका दिया जा रहा है जो दुनिया में सबसे अधिक है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को 33 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन दी गई. अब तक देश में 8.70 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है. इनमें सर्वाधिक पांच करोड़ से अधिक लोगों की आयु 45 या उससे अधिक है. मालूम हो कि इस आयु वर्ग के लोगों को बीते एक मार्च से टीका दिया जा रहा है.
स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक अमेरिका में हर दिन औसतन 30.53 लाख, इटली में 2.45 लाख, तुर्की में 2.85 लाख, फ्रांस में 2.91 लाख, जर्मनी में 3 लाख, ब्रिटेन में 4.13 लाख और ब्राजील में 6.23 लाख लोगों को रोजाना वैक्सीन दी जा रही है. अमेरिका में अब तक 16 करोड़ लोगों को, ब्रिटेन में तीन करोड़, ब्राजील में 2.01 करोड़, जर्मनी में 1.43 करोड़, फ्रांस में 1.23 करोड़ और इटली में 1.10 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग चुकी है.




