
Ranchi : झारखंड में गुटखा, पान-मसाला व अन्य तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से बिक्री जारी है. एक ओर जहां झारखंड में गुटखा, पान-मसाला पर प्रतिबंध लगा दिये जाने से इस व्यवसाय से जुड़े यहां के व्यापारी बदहाल हैं.
उनके सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गयी है. वहीं, दूसरी तरफ पड़ोसी राज्यों (बिहार, बंगाल, छत्तीसगढ़, ओड़िशा) के कारोबारी मालामाल हो रहे हैं. पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से गुटखा, पान-मसाला व तंबाकू उत्पादों की बड़ी खेप झारखंड पहुंच रही है.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मालवाहक वाहनों से झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिबंधित गुटखा, पान-मसाला व अन्य तंबाकू उत्पाद काफी मात्रा में पहुंच रहे हैं. यदि चेक पोस्टों पर मालवाहक वाहनों के डिलीवरी चालान की जांच की जाये तो इस अवैध कारोबार का खुलासा हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: विधानसभा सत्र में उठेगा हजारीबाग में केरोसिन से विस्फोट का मामला, बाबूलाल मरांडी ने की सरकार से पीड़ितों की मदद की अपील
अन्य राज्यों से अवैध रूप से आनेवाले गुटखा, पान-मसाला व अन्य तंबाकू उत्पादों को स्थानीय स्तर पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में खपाया जाता है. इससे एक ओर जहां आम जनता की जेब ढीली हो रही है, वहीं अवैध कारोबारी मालामाल हो रहे हैं.
दूसरी तरफ राज्य सरकार को भी राजस्व की क्षति हो रही है. गौरतलब है कि झारखंड सरकार द्वारा तंबाकू व निकोटिन युक्त उत्पादों के दुष्प्रभावों के मद्देनजर इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
विदित हो कि राजधानी रांची सहित झारखंड के अन्य क्षेत्रों में गुटखा, पान मसाला आदि उत्पादों के व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को सरकार के आदेश के आलोक में अपना व्यवसाय बंद करने को विवश होना पड़ा.
वहीं, प्रतिबंध के बावजूद पड़ोसी राज्यों से झारखंड में गुटखा, पान मसाला अवैध रूप से और चोरी-छिपे आने का सिलसिला बदस्तूर जारी है. इससे झारखंड के व्यवसायियों में निराशा का माहौल व्याप्त है.
इस संबंध में गुटखा, पान मसाला उत्पादों के व्यवसाय से पूर्व में जुड़े कुछ व्यापारियों ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जनहित में उठाये गये कदमों की निश्चित तौर पर सराहना की जानी चाहिए, गुटखा, पान मसाला व्यवसायियों और इससे प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से जुड़े हजारों छोटे-मोटे कारोबारियों की रोजी-रोटी पर प्रश्नचिह्न लग गया है. इस संबंध में भी सरकार को सोचने की जरूरत है.
जानकारी के मुताबिक अवैध रूप से अन्य राज्यों से प्रतिमाह करोड़ों रुप. का गुटखा, पान मसाला झारखंड पहुंच रहा है, जिसे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेचा जाता है.
इसे भी पढ़ें: वादे हैं, वादों का क्या….विधानसभा में किये गये 1530 ‘वादे’ हैं लंबित
राज्य सरकार का आदेश भी बेअसर
झारखंड में गुटखा, पान मसाला व तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी निर्देश के प्रभावी अनुपालन के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा पत्रांक 334(16). दिनांक 11.11.2020 और 342 (16) दिनांक. 25.11.2020 के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया गया था.
पत्र के माध्यम से राज्य में उपलब्ध चेक पोस्ट की जानकारी उपलब्ध कराते हुए झारखंड राज्य के एंट्री प्वाइंट की सूची स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था. साथ ही व्यापक छापेमारी करने का भी निर्देश दिया गया था.
लेकिन इस पत्र के आलोक में कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया. इसके बाद पुनः राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने उपर्युक्त संदर्भ में पत्रांक 996, दिनांक 11 दिसंबर, 2020 के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों और वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों को पत्र प्रेषित करते हुए निर्देश दिया कि गुटखा, पान मसाला व तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए छापामारी अभियान चलायें और एंट्री पॉइंट पर मालवाहक वाहनों की नियमित रूप से सघन जांच कर छापामारी की जाये, ताकि एंट्री पॉइंट पर अन्य राज्यों से झारखंड में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला नहीं पहुंच सके. इसके बावजूद अन्य राज्यों से गुटखा- पान मसाला की आवक थम नहीं रही है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: पुलिस-जेजेएमपी उग्रवादियों में मुठभेड़, एरिया कमांडर ढेर
अवैध कारोबारियों की नकेल कसने में प्रशासन विफल, छोटे-मोटे दुकानदारों पर गिरती है गाज
झारखंड में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला व तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार में लिप्त राज्य के बाहर के बड़े पूंजीपति बेखौफ होकर गुटखा आदि उत्पादों की एंट्री झारखंड में करा रहे हैं. इस अवैध कारोबार से झारखंड सरकार को करोड़ों के राजस्व का चूना लग रहा है. वहीं, आमजनता की जेब पर भी असर हो रहा है.
क्योंकि चोरी-छिपे गुटखा, पान मसाला की बिक्री निर्धारित दर से अधिक दाम पर की जाती है. उनकी मानें, तो उन्हें माल भेजने के एवज में चेकपोस्ट पर चढ़ावा चढ़ाना पड़ता है. इस वजह से उत्पाद ऊंचे दर पर बेचना मजबूरी है.
वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जीविकोपार्जन के साधन के रूप में गुटखा, पान मसाला व तंबाकू उत्पादों की बिक्री कर रोज कमाने-खाने वाले गरीब व छोटे-मोटे दुकानदारों पर पुलिस प्रशासन का चाबुक चलता है.
इसे भी पढ़ें: जानें एनएच निर्माण पर क्यों भड़के विधायक, संवेदक से क्यों कहा- थूक पॉलिश करना बंद करिये…




