
Ranchi : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को हजारीबाग के अमनारी गांव में केरोसिन तेल विस्फोट से प्रभावित लोगों के परिजनों से मुलाकात की. केरोसिन के उपयोग के दौरान उसमें हुए विस्फोट के कारण जिन घरों के लोग मारे गये और घायल हुए, उन्हें पर्याप्त मदद दिलाये जाने का भरोसा दिलाया. सदर अस्पताल जाकर घायलों से भेंट भी की. परिजनों से कहा कि वे राज्य सरकार के समक्ष इस विषय को रखेंगे. सीएम से आग्रह करके मामले की समुचित जांच कराये जाने और पर्याप्त मुआवजा दिलाये जाने को भी कहेंगे. इस दौरान उनके साथ हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल, अमनारी के मुखिया अनूप कुमार सहित कई अन्य लोग भी मौजूद थे.
विधानसभा में होगी चर्चा
मनीष जायसवाल ने प्रभावित परिवारों से भेंट करने के दौरान कहा कि वास्तव में यह एक गंभीर मसला है. वे इस विषय को अगले कुछ दिनों के बाद शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र में भी उठायेंगे. इस मामले में उन्होंने जिला प्रशासन से भी बात की है. उससे पीड़ितों को भरपूर मदद दिये जाने को कहा है. विधायक ने प्रभावित परिवारों के बीच अनाज औऱ दूसरी राहत सामग्रियां भी उपलब्ध करायीं. पंचायत ने भी पीड़ित परिवार की मदद को हाथ बढ़ाया. अमनारी मुखिया और पंचायत सचिव ने एक पीड़ित परिवार के परिजन बसंत ठाकुर को एक क्विंटल चावल, 50 किग्रा गेहूं उपलब्ध कराया. इसके अलावे सिविल कोर्ट से एक टीम ने बुधवार को अमनारी पहुंच कर मामले की पड़ताल की.
केरोसिन तेल डालने पर हुआ था विस्फोट
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में लैंप में केरोसिन तेल डालने के क्रम में ब्लास्ट की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थीं. इसमें तीन लोग मारे गये थे. कई अन्य जख्मी हो गये थे. सभी जख्मी लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया था. इसके बाद चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया था. कुछ घायल वहीं सदर अस्पताल में भर्ती हुए थे.




