
Ranchi : राजधानी में हो रहे अवैध अतिक्रमण और जाम को रोकने के लिए रांची नगर निगम ने पिछले कई दिनों से सघन अभियान चला रखा है. इसमें निगम को सफलता भी मिल रही है. लेकिन शहर के बड़े क्षेत्रों में हो रहे अतिक्रमण को लेकर निगम को कुछ परेशानी भी आ रही है. इन परेशानियों को देख निगम ने अब दो बड़ा फैसला किया है.
दरअसल निगम अब 24 घंटे अतिक्रमण अभियान चलाने के साथ अतिक्रमण अभियान को बेहतर तरीके से चलाने के लिए 36 इंफोर्समेंट अफसरों की बहाली करेगा. इसके लिए निगम द्वारा बकायदा एक विज्ञापन भी निकाला गया है.
इसे भी पढ़ें- सावधान! रांची की इन जगहों पर गाड़ी पार्क की, तो उठाकर ले जायेगा RMC
आगामी 12 जनवरी तक इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. निगम ने इसके लिए शर्त रखा है कि वह एक्स सर्विसमैन हो. साथ ही उसकी उम्र 40 साल से अधिक नहीं हो. मानदेय के रूप में एक इंफोर्समेंट अफसरों को 17,000 रुपये मासिक दिया जायेगा.
बता दें कि निगम के पास पहले से ही 17 इंफोर्समेंट अफसर थे. नये नियुक्ति के बाद इंफोर्समेंट अफसरों की संख्या 53 हो जायेगी. बताया जा रहा है कि अतिक्रमण अभियान को पुख्ता बनाने के लिए निगम पूरे शहर को चार जोन वाइज बांटेगा.
फिर इन अफसरों की टीम बनाकर उसे एक-एक जोन की जिम्मेदारी दी जायेगी. रोजाना इन अफसरों को अपने अपने जोन में ही अतिक्रमण अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना होगा. अतिक्रमणकारियों से प्रतिदिन जुर्माना भी वसूलना होगा.
इसे भी पढ़ें- मार्च से नहीं चलेंगे 5, 10 और 100 रुपये के पुराने नोट




