
Ranchi: राज्य में भारतीय वन सेवा के पदाधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग मामले में लापरवाही बरती जा रही है. भारतीय वन सेवा संघ (झारखंड इकाई) ने राज्य सरकार से इस पर जरूरी कदम उठाने की अपील की है. रविवार को संघ ने इस संबंध में गूगल मीट के जरिये आपात बैठक की.
इसमें राज्यभर के IFS पदाधिकारियों के अलावे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थापित अफसर भी शामिल हुए. संघ के झारखंड प्रमुख रवि रंजन के अनुसार अब संघ के स्तर से सीएम हेमंत सोरेन औऱ सीएस से भेंट की जायेगी. राज्य में पिछले दिनों IFS अफसरों के मामले में जारी की गयी अवैध अधिसूचना का रद्द करने का अनुरोध किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – तालाब में नहा रही महिला के पैसे चुरा कर भाग रहे चोर को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ा
IFS के बावजूद ACF की पोस्टिंग अवैध
सारंडा वन प्रमंडल में वन प्रमंडल पदाधिकारी के पोस्ट पर राज्य सेवा के एसीएफ को पदस्थापित किया गया है. वहां पर पहले से प्रोबेशनर के तौर पर IFS के पदाधिकारी पहले से तैनात हैं. इसी तरह लोहरदगा, चतरा, गढवा, गिरिडीह में ACF (गैर IFS) की वन प्रमंडल पदाधिकारी के पोस्ट पर पोस्टिंग की गयी है. यह सरासर नियमों का उल्लंघन है. इस फैसले को नहीं बदले जाने पर प्रभावित पदाधिकारी कोर्ट में इसे चैलेंज करेंगे.
IFS के लिये निर्धारित रुल्स का उल्लंघन
भारतीय वन सेवा संघ (आईएफएस एसोसिएशन) के अनुसार भारतीय वन सेवा के कैडर रुल्स 1966 के कंडिका 9 के अनुसार कैडर पदों पर IFS सेवा के पदाधिकारियों की ही पोस्टिंग की जानी है. जब इस सेवा के अफसर पर्याप्त संख्या में ना हों, तभी राज्य वन सेवा के पदाधिकारियों को कैडर पदों पर पदस्थापित किये जाने का प्रावधान है.
यह व्यवस्था भी केवल 3 महीने के लिये ही अस्थायी तौर पर लागू की जा सकती है. कैडर पदों का निर्धारण राज्य सरकार के अनुरोध पर ही भारत सरकार द्वारा किया जाता है. झारखंड में इस संबंध में नियमों का ख्याल नहीं रखा गया है. अब इस मामले पर पर्यावरण एवं वन मंत्रालय (भारत सरकार) से भी हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें –प्रतियोगी छात्र ने फांसी लगाकर दी जान
अफसर जो IFS कैडर के नहीं हैं
राज्य में ऐसे अफसरों की पोस्टिंग महत्वपूर्ण पदों पर की गयी है जो IFS कैडर के नहीं हैं. इनमें से प्रमुख हैं-
महालिंग (डीएफओ, सोशल फॉरेस्ट्री, चाईबासा)
नागेंद्र बैठा (डीएफओ सोशल फॉरेस्ट्री, हजारीबाग)
अंकित कुमार सिंह (डीएम जेएसएफडीसी, गिरिडीह)
विकास उज्जवल (डीएफओ प्लानिंग, मॉनिटरिंग एंड इवेल्यूशन)
एस शुक्ला (डीएफओ एसएफ लातेहार)
अमरनाथ सिंह (डीएम जेएसएफडीसी हजारीबाग)
बी भास्करन (डीएफओ एसएफ देवघर)
सुशील सोरेन (डीएफओ एसएफ दुमका)
मौन प्रकाश (डीएम जेएसएफडीसी जमशेदपुर)
इसे भी पढ़ें – JPSC : अभ्यर्थियों की सरकार से मांग, अधिकतम उम्र सीमा में दें 5 साल की छूट




