
- गौरियाचूं जंगल में संचालित अवैध माइका खदान के धंसने से चार मजदूरों की गुरुवार को हो गयी थी मौत
Giridih : गुरुवार की शाम गौरियाचूं जंगल में अवैध माइका खदान धंसने से चार मजदूरों की मौत हो गयी थी. इस मामले में कार्रवाई कौन करेगा, इसे लेकर गिरिडीह और कोडरमा के अधिकारियों के बीच ‘सीमा विवाद’ उत्पन्न हो गया. गिरिडीह जिला के अधिकारी दावा कर रहे थे कि जिस इलाके में अवैध माइका खदान संचालित हो रही है, वह कोडरमा जिला के अंतर्गत आता है.
उधर, कोडरमा जिला के अधिकारी कह रहे थे कि यह खदान उनके इलाके में नहीं पड़ती है. गिरिडीह और कोडरमा जिलों के अधिकारियों के बीच उपजे इस ‘सीमा विवाद’ की वजह यह तय नहीं हो पा रहा था कि अवैध खदान संचालन और उसके धंसने से मजदूरों की मौत के मामले में कार्रवाई कौन करेगा. गुरुवार को यह विवाद होता है. दूसरे दिन शुक्रवार को इस ‘सीमा विवाद’ को गूगल मैप ने सुलझा दिया.
इसे भी पढ़ें :बाइक चुराकर मालिक से ‘फिरौती’ वसूलने वाला चोर गिरफ्तार
गूगल मैप देखने के बाद तय हुआ- गावां वन प्रक्षेत्र करेगा कार्रवाई
गौरतलब है कि गुरुवार को ही गिरिडीह के गांवा रेंजर अनिल कुमार ने बताया था कि जिस इलाके में यह अवैध माइका खदान संचालित हो रही है, वह इलाका कोडरमा जिला के नवलशाही थाना क्षेत्र में स्थित है. हालांकि, यह इलाका गांवा थाना क्षेत्र के करीब है. सीमा विवाद में उलझी इस घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को गिरिडीह और कोडरमा के कई अधिकारियों ने घटनास्थल गौरियाचूं जंगल में अवैध तरीके से चल रही माइका खदान का निरीक्षण किया.
इस दौरान सीमा विवाद को सुलझाने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया गया. गूगल मैप ने इस सीमा विवाद को सुलझा भी दिया. गूगल मैप द्वारा दिखाये गये नतीजे के आधार पर ही दोनों जिलों के अधिकारियों के बीच यह तय हुआ कि इस मामले में माइका के अवैध कारोबार में शामिल धंधेबाजों के खिलाफ गांवा वन प्रक्षेत्र कार्रवाई करेगा.
इसे भी पढ़ें :लड़कियों के लिए खुले सैनिक स्कूलों के द्वार
नवलशाही के शंकर साव और गांवा के सुनील यादव पर अवैध खदान के संचालन का आरोप
इधर, शुक्रवार को अधिकारियों की टीम को जानकारी मिली कि कोडरमा के नवलशाही इलाके के माइका कारोबारी शंकर साव और गांवा थाना क्षेत्र के सुनील यादव गौरियाचूं जंगल की इस माइका खदान को पिछले कुछ सालों से अवैध तरीके से संचालित करते आ रहे हैं. इसके लिए दोनों कारोबारी दोनों जिलों के आस-पास के मजदूरों द्वारा हर रोज खदान से करीब तीन से चार टन माइका निकलवाते थे.
खदान में कुछ और मजदूरों के दबे होने की आशंका
घटनास्थल पहुंचे धनवार एसडीएम धीरेन्द्र सिंह, गिरिडीह खनन पदाधिकारी सतीश नायक, गांवा पुलिस निरीक्षक परमेश्वर लियांगी, गांवा सीओ अरुण खलखो, गांवा थाना प्रभारी विजय केरकेट्टा के अलावा कोडरमा के डोमचांच पुलिस निरीक्षक आरएन ठाकुर, डोमचांच वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी केके ओझा पुलिस जवानों के साथ पहुंचे थे. इस दौरान अधिकारियों की टीम ने गौरियाचूं के इस पूरी खदान का जायजा लिया.
टीम में शामिल एक अधिकारी की मानें, तो खदान में कुछ और मजदूरों के फंसे होने की बात कही जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है. वहीं, गुरुवार को गौरियाचूं जंगल में माइका की अवैध खदान में दबने से जिन चार मजदूरों की मौत हुई थी, उनमें गांवा के गौरियाचूं निवासी बड़कू मांझी के अलावा कोडरमा के ढाब थाना इलाके के अनिल यादव और कोडरमा के धजवा के दो और मजदूर शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें :बिक गये आबोहवा में जहर घोलनेवाले करोड़ों के पटाखे, तब आया है सिर्फ ग्रीन पटाखे बेचने का आदेश




