
Godda : लॉकडाउन में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हो इसे ध्यान में रखते हुए गोड्डा जिला प्रशासन की ओर से ज्ञानोदय रथ की शुरुआत की गयी है. इसके जरिए बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने की अनूठी पहल की गयी है. पहले चरण से मिली सफलता को देखते हुए कार्यक्रम को पांच और प्रखंडों में शुरू किया गया है.
अडाणी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चलने वाले इस ज्ञानोदय रथ कार्यक्रम के जरिए पथगामा, महागामा, बोआरीजोर, मेहरमा और ठाकुरगंगटी के सरकारी स्कूलों को जोड़ा गया है. इसके लिए पहले से चल रहे दो ज्ञानोदय रथ की सख्या को बढ़ा कर पांच कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंः मनरेगा के संविदा कर्मियों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा व ईपीएफ का लाभ
ज्ञात हो कि ज्ञानोदय रथ के जरिए सुदूर इलाकों में रहने वाले बच्चों को मोबाइल स्मार्ट क्लास के जरिए ऑडियो विजुअल माध्यम से पढ़ाने की व्यवस्था की गयी है. इससे पहले जिले के पोड़ैयाहाट, सुंदरपहाड़ी और गोड्डा प्रखंड के अंतर्गत आने वाले आठ स्कूलों में ज्ञानोदय रथ के जरिए पढ़ाई की व्यवस्था की गयी थी.
सुदूरवर्ती आदिवासी बहुल गांवों में एंड्रॉयड फोन की संख्या काफी कम हैं. इस कारण बच्चे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई से वंचित रह जाते थे. ऐसे में अडाणी फाउंडेशन की ओर से ज्ञानोदय रथ तैयार किया गया. जिसमें बड़े आकार का एलइडी टीवी साथ में बैट्री-इन्वर्टर भी मुहैया कराया गया. यह ज्ञानोदय रथ निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्कूलों में पहुंचता है. जहां बच्चों को ऑडियो-विजुअल माध्यम से पढ़ाने कार्य चल रहा है.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड में प्याज के स्टॉक पर पाबंदी, 25 मीट्रिक टन से ज्यादा स्टोर नहीं करेंगे कारोबारी




