
Palamu. अनलॉक-4 में पलामू जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. परिवहन सेवा के प्रभावी हो जाने और इस बीमारी से बचने के उपायों को दरकिनार किए जाने से इस बीमारी को बल मिल रहा है. इस बीच पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पूर्व मंत्री जमशेदपुर के बाद रांची से दौरे से लौटने के बाद संक्रमित पाए गए.
ये भी पढ़ें- धनबाद पुलिस ने 4 साइबर अपराधी को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
जमशेदपुर और रांची से लौटने के बाद पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी और उनके साथ बाहर गए बॉडीगार्ड एवं कर्मियों की कोविड जांच की गयी. गुरुवार की शाम सभी की रिर्पोट आयी, जिसमें पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी पॉजिटिव पाए गए. सोशल मीडिया के माध्यम से त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी और उनके संपर्क में आने वालों को उन्होंने कोविड जांच कराने की सलाह दी है.
पलामू में अबतक 93135 लोगों की हुई कोविड जांच
पलामू जिले में अब तक 93,135 लोगों की जांच की गई. इसमें 2618 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए. 277 लोगों का कोविड केयर सेंटरों में उपचार चल रहा है. 2262 संक्रमित स्वस्थ होकर कोरोना को मात दे चुके हैं. पलामू के 9 कोरोना संक्रमित की मौत अबतक हो चुकी है. जिले के सिविल सर्जन डा. जॉन एफ कनेडी ने बताया कि संक्रमितों का इलाज आयुष मंत्रालय के गाइडलाइन के अनुसार किया जा रहा है.
अब नहीं रहा कोरोना के प्रति भय
कोरोना के प्रति लोगों में अब भय पूर्व की तरह नहीं रहा. बैठक, आन्दोलन, बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है. सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर अवहेलना की जाती है. कई लोग तो यहां तक कहते नहीं थकते थे कि कोरोना से अब उनका कोई नुकसान नहीं हो सकता. कोरोना चला गया है.




