NEWS

बिहार-यूपी  में वज्रपात से 28 लोगों की मौत, उत्तर भारत में उमस भरा रहा मौसम

Patna/Lucknow: बिहार और उत्तर प्रदेश में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 28 लोगों की मौत हो गई. बिहार में आसमान से बिजली गिरने से 15 लोगों की जान चली गयी, जबकि यूपी में अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गयी.

इसे भी पढ़ेंः Ranchi Corona Update : झारखंड में मंगलवार को 1702 नए मामले, रांची मेयर भी कोरोना पॉजिटिव

बिहार में 15 लोगों की मौत

बिहार के छह जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मंगलवार को 15 लोगों की मौत हो गयी. प्रदेश के गोपालगंज, भोजपुर और रोहतास में तीन-तीन और सारण, कैमूर और वैशाली में दो-दो लोगों की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत को हो गयी.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अविलंब मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का अनुदान देने के निर्देश दिये हैं.

यूपी में 13 की गयी जान

उधर, उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पिछले 24 घंटे में हल्की से भारी बारिश हुई है. मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ-साथ बिजली चमकने और बादल गरजने की भी घटनाएं हुई हैं. प्रदेश में अलग-अलग जगह आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई.

राहत आयुक्त संजय गोयल ने एक बयान में कहा कि गाजीपुर में चार लोगों की, कौशांबी में तीन, कुशीनगर और चित्रकूट में दो-दो जबकि जौनपुर एवं चंदौली में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलाधिकारियों को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.

विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में बारिश नहीं होने और पूर्वी इलाकों में बारिश होने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें – यूपी में स्पेशल सिक्योरिटी फोर्सः जनाक्रोश को दबाने के लिए काला कानून!

उत्तर भारत में मौसम उमस भरा

मंगलवार को देश के कई भागों में बारिश हुई. वहीं, उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में मौसम उमस भरा बना रहा.
मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, अगले तीन-चार दिन देश के अधिकतर भागों में बारिश की संभावना है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है. विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में बारिश की कमी के चलते अगले दो दिन तक पारा चढ़ने का अनुमान है. दिल्ली में पिछले पांच दिन से बारिश नहीं हुई है. हालांकि, सप्ताह के अंत में बारिश होने की संभावना है.

उधर, हरियाणा और पंजाब में उमस भरा मौसम बना रहा और इन दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य सीमा से करीब दो से चार डिग्री सेल्सिलस अधिक दर्ज किया गया. हरियाणा में भिवानी सबसे अधिक गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पंजाब में पटियाला में सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब के अधिकतर हिस्सों में अगले दो दिन तक उमस भरा मौसम रहने का अनुमान जताया है.
वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा और केरल, कर्नाटक समेत देश के कई भागों में बारिश हुई.

इसे भी पढ़ेंः होटल अलकोर के मालिक समेत पांच के खिलाफ ईडी ने दर्ज की एफआइआर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button