Ranchi : बिजली संविदाकर्मी 30 सितंबर तक हड़ताल नहीं करेंगे. झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ और रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के अधिकारियों की वार्ता सोमवार को हुई. जिसमें रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के अधिकारियों ने जल्द से जल्द संविदाकर्मियों के भुगतान की बात कही. रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के जीएम संजय कुमार ने कहा कि 30 अक्टूबर तक संविदाकर्मियों के बकाये का भुगतान हो जायेगा. वहीं नयी एजेंसी से काम लिया जा रहा है. कोविड-19 संक्रमण के कारण जेबीवीएनएल कार्यालय कई दिनों तक बंद रहा. ऐसे में मुख्यालय के कार्य प्रभावित रहे. रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र की ओर से मुख्यालय को संविदाकर्मियों के भुगतान के लिए बिल भेजा गया है. संजय कुमार ने उम्मीद जतायी कि मुख्यालय की ओर से 30 अक्टूबर तक भुगतान कर लिया जायेगा. हालांकि संघ की ओर से वार्ता के बाद 30 सितंबर तक हड़ताल नहीं करने का निर्णय लिया गया.
इसे भी पढ़ें – राज्य विद्युत नियामक आयोग का निर्णय: राज्य में लागू नहीं होगा वन स्टेट वन टैरिफ
अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी योजना
इसके पहले संघ की ओर से 15 सितंबर से अनिश्चिकालीन हड़ताल करने की घोषणा की गयी थी. संघ की ओर से संविदाकर्मियों के बकाया भुगतान की मांग की जा रही है. रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में लगभग 1400 संविदाकर्मी हैं. रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में गुमला, सिमडेगा, खूंटी, लोहरदगा जिला शामिल हैं. संघ के अध्यक्ष अजय राय ने जानकारी दी कि 15 सितंबर से होनेवाली हड़ताल को 30 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. साल 2017 के बाद से संशोधित मजदूरी दर के तहत बिजली बोर्ड के संविदा कर्मियों को भुगतान नहीं किया जा रहा था. ऐेसे में संघ की ओर से एरियर भुगतान की मांग की जा रही है. वहीं बिना एरियर भुगतान किये, जेबीवीएनएल रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में अन्य तीन एजेंसियों को रख लिया गया है. जिसका संघ विरोध कर रहा है. अजय राय ने कहा कि रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में संघ की ओर से 30 सितंबर तक का समय दिया गया है. इसके पहले बिजली बोर्ड के अधिकारियों की बैठक की जायेगी. वार्ता के दौरान जीएम रांची संजय कुमार, अधीक्षण अभियंता पीके श्रीवास्तव, अकाउंट्स ऑफिसर गौरव झा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में नक्सली संगठनों में पड़ी दरार, बढ़े आपसी टकराव के आसार




