Palamu. पलामू जिले के चैनपुर और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्र में हुई वज्रपात की घटनाओं में नवविवाहिता सहित दो की मौत हो गयी. नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के चराई 2 पंचायत निवासी सुनैना भुईयां की 19 वर्षीय
विवाहिता पुत्री इंदु देवी की वज्रपात से मौत हो गई, जबकि चैनपुर के पिंडरा गांव में 18 वर्षीय डब्लू भुइयां की मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें- टेरर फंडिंग के आरोपियों की जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित
बकरी चरा रही थी नवविवाहिता
परिजनों ने बताया कि इंदु घर से कुछ ही दूर पर बकरी चरा रही थी कि अचानक हल्की बारिश के दौरान वज्रपात हुआ. इसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सुनैना भुइयां ने बताया कि पिछले वर्ष 2019 में इंदु की शादी बिहार के गया जिला के मगरा थाना के हरिणी में की थी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर पीएमसीएच में भेज दिया है.
मोबाइल से बात कर रहा था युवक
चैनपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में मंगलवार की दोपहर के बाद वज्रपात से 18 वर्षीय डब्लू भुइयां की मौत हो गई है. मृतक के परिजन रामप्रीत भुइयां ने बताया कि पिंडरा गांव के तालाब के पास अपने मोबाइल से किसी से बात कर रहा था. इसी दौरान एकाएक वज्रपात हुआ. इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. युवक की मौत की सूचना पाते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिय और पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच में भेज दिया है. मृतक के परिजनों ने बताया कि तीन भाइयों में डब्लू सबसे छोटा था.




