
Giridhi. करीब दो सौ करोड़ का राजस्व देने वाले गिरिडीह के औद्योगिक इलाकों के दर्जन भर सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा. तीस साल बाद इस इलाके के जर्जर सड़को के नए सिरे से निर्माण की अनुशंसा किसी डीसी ने राज्य सरकार को भेजा है.
सरकार ने दी स्वीकृति
डीसी राहुल सिन्हा के अनुशंसा की स्वीकृति हेमंत सरकार ने भी देते हुए पथ प्रमंडल को डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है. वहीं, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता जयकांत राम ने डीपीआर तैयार करना भी शुरू कर दिया है.

कार्यपालक अभियंता जयकांत राम के अनुसार पूरे औद्योगिक इलाके के सड़कों को नए सिरे से निर्माण में 50 करोड़ का खर्च आएगा. डीपीआर भेजने के बाद पथ निर्माण मंत्रालय इसकी तकनीकी स्वीकृति देगा. इसके बाद वित्त विभाग से फंड रिलीज किया जाएगा
सड़कों का किया निरीक्षण
सड़क के निर्माण होने के बाद लोगों को धनबाद-गिरिडीह आवागमन में कोई परेशानी नहीं होगी. वैसे इन इलाकों के जर्जर सड़कों के नए सिरे से निर्माण के साथ चाौड़ीकरण करने की बात भी कही जा रही है. इधर डीपीआर तैयार किए जाने को लेकर ही बुधवार को डीसी राहुल सिन्हा, सदर प्रखंड के विकास पदाधिकारी गौतम भगत और कार्यपालक अभियंता जयकांत राम ने पूरे औद्योगिक इलाके के जर्जर सड़कों का निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें- कोरोना काल में ठेकेदारों ने 2 महीने से नहीं दी मजदूरी, मजदूरों के सामने अब रोटी की दिक्कत
डीसी के निर्देश पर औद्योगिक इलाके के जिन सड़कों का निर्माण होना है. उसमें चाइना प्लांट मोड़ से लेकर टुंडी रोड तक चार किमी की सड़क का निर्माण छह करोड़ 25 लाख प्रस्तावित है. चाइना प्लांट मोड़ की यह सड़क पूरना नगर गांव को जोड़ता है. जिसमें सलूजा गोल्ड, लाल स्टील समेत आधा दर्जन प्लांट है.
इन क्षेत्रों में होगा निर्माण
इसी प्रकार मोहनपुर स्वातिकान कॉस्ट से लेकर अतिवीर हाई टेक फैक्ट्री वाया धनबाद-गोंविदपुर सड़क का निर्माण 75 लाख के लागत से किया जाना है. जबकि चतरो मोड़ से लेकर मंझलाडीह गांव होते हुए गोंविदपुर जाने वाले सड़क का निर्माण चार करोड़ 30 के लागत से किया जाएगा.
वहीं मोहनपुर से गादी श्रीरामपुर वाया कूट फैक्ट्री और विश्वनाथ फैरोलाईज समेत करीब तीन लौह उद्योग के बीच बनने वाली तीन किमी के इस सड़क के निर्माण की लागत पांच करोड़ के करीब है. बुढ़ियाडीह से विश्वासडीह रोड वाया मोंगिया स्टील फैक्ट्री होते धनबाद जाने वाले तीन किमी के इस सड़क का निर्माण भी पांच करोड़ से अधिक की राशि से किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- एटीएम बदलकर पैसे निकालने वाले बदमाश गिरफ्तार, सात एटीएम और नकदी बरामद
जबकि हरसिंगरायडीह मोड़ से लेकर दुखिया महादेव मंदिर वाया शिवम स्टील फैक्ट्री के इस तीन किमी सड़क का निर्माण पांच करोड़ 50 लाख के लागत से किया जाना है. इन जर्जर सड़कों के निरीक्षण के क्रम में डीसी समेत अन्य पदाधिकारियों को महसूस हुआ कि औद्योगिक इलाकों के इन सड़कों का निर्माण होना बेहद जरुरी है.
इसे भी पढ़ें- Giridih: कोरोना संक्रमण के 22 नए मामले, छह पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
गौरतलब है कि औद्योगिक इलाकों में दो दर्जन से अधिक स्टील और आयरन ओर के कारखाने हैं. जहां से केन्द्र व राज्य सरकार को हर साल दो सौ करोड़ से अधिक का राजस्व मिलता है. इसे पहले पूर्व भाजपा सरकार में इन सड़कों का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिली थी. इसे स्थानीय लौह कारोबारियों में काफी नाराजगी थी.




