
Palamu/Latehar: पलामू प्रमंडल के लातेहार में 9 नये मामले सामने आये हैं. इसमें 4 संक्रमित अस्पताल कर्मी हैं, जो शनिवार को पॉजिटिव पाये गये सीएस के संपर्क में आये थे. इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 208 हो गयी है.
लातेहार सिविल सर्जन के शनिवार को कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मियों की कोविड सैम्पल की जांच की गयी. शाम में 4 कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी. इसके अलावा 5 अन्य कोरोना संक्रमित मिले हैं.
स्वास्थ्य विभाग के संक्रमित पाये गये कर्मियों में लैब तकनीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, कोविड-19 हेल्थ केयर का वाहन चालक व सदर अस्पताल का एक कर्मी शामिल हैं. लैब तकनीशियन के संक्रमित पाये जाने के बाद स्थानीय स्तर पर की जाने वाली जांच भी प्रभावित हो गयी है.
स्वास्थ्य विभाग के प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि रविवार को नौ नये मामले सामने आये हैं. वहीं संक्रमित पाये जाने की सूचना पर लातेहार सदर प्रखंड के गुरगु, नावागढ़ और कुर्रा गांव में कन्टेनमेंट जोन बना दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – 137 नये कोरोना संक्रमित मिले, झारखंड का आंकड़ा 5436 पहुंचा
महुआडांड मुख्यालय समेत तीन ग्रामों में मिले तीन कोरोना पॉजिटिव, इलाका हुआ सील
महुआडांड मुख्य बाजार समेत बरटोली एवं अक्सी ग्राम के रहने वाले तीन व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी है. ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को और तीन पॉजिटिव मरीज मिलने की खबर फैलते ही लोगों में हडकंप मच गया है.
तीन व्यक्तियों को कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की पुष्टि करते हुए महुआडांड एसडीएम सुधीर कुमार दास ने बताया कि पॉजिटिव पाये जाने वाले तीन मरीजों में से महुआडांड एवं अम्बवाटोली पंचायत स्थित बरटोली ग्राम के रहने वाले दो व्यक्तियों को होम कोरेन्टाइन में रहने को कहा गया था.
वहीं ग्राम अक्सी के रहने वाले एक व्यक्ति को अक्सी पंचायत में बनाये गये कोरेन्टाइन सेंटर में रखा गया था. एसडीएम सुधीर कुमार दास ने बताया कि पॉजिटिव पाये जाने वाले सभी तीनों मरीजों का इतिहास ट्रैवलर्स का रहा है.
पॉजिटिव मरीजों को कोविड केयर सेंटर लातेहार में शिफ्ट कर दिया गया है. वहीं होम क्वारेंटाइन में रहने वाले मरीजों के सभी परिजनों को भी क्वारेंटाइन सेंटर भेज दिया गया है.
वहीं कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की सूचना मिलते ही महुआडांड एसडीएम सुधीर कुमार दास, एसडीपीओ रतिभान सिंह, बीडीओ टुडू दिलीप, सीओ जुल्फिकार अंसारी, थाना प्रभारी महेन्द्र करमाली एवं पुअनि ठाकुर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में अनुमंडल सह प्रखण्ड प्रशासन महुआडांड एवं बरटोली ग्राम पहुंचे एवं एहतियातन के तौर पर पूरे इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया है, साथ ही महुआडांड़ एसडीएम सुधीर कुमार दास ने ग्राम महुआडांड एवं बरटोली को कंटेन्मेंट जोन बनाने हेतु लातेहार उपायुक्त को प्रस्ताव भी भेज दिया है. पाजिटिव पाये गये व्यक्ति में कोरोना के लक्षण नही दिखायी दिये थे.
कोरोना पॉजिटिव पाये गये तीनों व्यक्तियों में कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहा था. रविवार की रात जैसे ही तीन व्यक्तियों के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की पुष्टि हुई, प्रखण्ड प्रशासन सक्रिय होकर तीनों व्यक्तियों को कब्जे में लेकर कोविड केयर सेन्टर लातेहार भेज दिया.
हालांकि बरटोली के रहने वाले व्यक्ति को जैसे ही स्वयं को पॉजिटिव पाये जाने की सूचना मिली वो फरार हो गया था. काफी मशक्कत करने के बाद प्रखण्ड प्रशासन उसको पकड़ने में कामयाब रहा.
इसे भी पढ़ें – जिनके पास है स्मार्टफोन और डिजिटल थर्मामीटर, होम आइसोलेशन में रह सकेंगे वैसे एसिंप्टोमेटिक कोरोना पॉजिटिव




