
Ranchi : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और उनके प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद ने खुद को होम क्वारेंटाइन कर लिया है. इसके अलावा सीएम आवास में बाहरी लोगों के आने-जाने पर भी रोक लगा दिया गया है.
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनके सलाहकार अभिषेक श्रीवास्तव, ओएसडी सुनील श्रीवास्तव, आइएएस राहुल शर्मा, पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एमडी एडीजी आरके मल्लिक, विधायक नवीन जायसवाल, जेएमएम के प्रवक्ता मनोज पांडेय समेत कई गणमान्य लोगों का कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां पहुंच गयी है. खबर ये भी है कि सभी की फैमिली का भी कोविड टेस्ट के लिए सैंपल लिया जा रहा है.
मंत्री और विधायक निकले हैं कोरोना पॉजिटिव
बता दें कि झारखंड में मंगलवार को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और झामुमो विधायक मथुरा महतो भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. दोनों जेएमएम नेता पिछले दिनों सीएम हेमंत सोरेन से मिले थे. इसके बाद से सीएम के अलावा पार्टी से जुड़े कई लोगों ने खुद को एहतियातन सेल्फ क्वारेंटाइन कर लिया है. वहीं खबर मिलते ही रांची डीसी राय महिमापत रे सीएम आवास पहुंचे हैं. और स्थिती का जायजा ले रहे हैं.
मंगलवार को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और झामुमो विधायक मथुरा महतो के भी कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के साथ ही 18 पत्रकार, 1 पुलिसकर्मी की भी कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी. वहीं मंत्री मिथिलेश ठाकुर की पत्नी का भी कोरोना टेस्ट हुआ है. लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आयी है.
विधायक मधुरा महतो, 18 पत्रकार और 1 पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पीएमसीएच धनबाद से आयी है. बताया जा रहा है कि विधायक ने दो दिन पहले सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी. झारखंड में मंगलवार को करीब 179 नये कोरोना संक्रमित मिले थे.
इसे भी पढ़ें – Corona Virus के बढ़ते कहर के बीच अमेरिका ने WHO से तोड़ा नाता
देर रात जारी हुआ था आंकड़ा
मंगलवार देर रात जारी किये गये आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, देवघर से 3, धनबाद से 25, पूर्वी सिंहभूम से 44, गढ़वा से 1, हजारीबाग से 6, कोडरमा से 7, लातेहार से 1, लोहरदगा से 3, पलामू से 2, रामगढ़ से 28, रांची से 20 और सिमडेगा से एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. पूर्वी सिंहभूम के डीसी ने कहा है कि जिले में नये संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ सकता है.
रांची से मिले नये मरीजों में से एक गुलमोहर अस्पताल में इलाजरत मरीज है, जबकि दूसरा मरीज मेदांता अस्पताल का स्टाफ है. नये आंकड़ों को मिलाकर राज्य में संक्रमण के केस अब करीब 3054 हो गये हैं.
एक मरीज की मौत
मंगलवार को झारखंड में कोरोना से एक मरीज की मौत भी हुई है. इस तरह राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 21 हो गयी है. मंगलवार को जिसकी मौत हुई वह धनबाद के शास्त्री नगर का रहने वाला था. उसका इलाज रिम्स के कोविड वार्ड में चल रहा था. मृतक की उम्र 58 साल थी. मरने वाला कोरोना पॉजिटिव मरीज बीपी और शुगर का पेंशेंट था.
वह ट्रूनेट मशीन में दो बार जांच में पॉजिटिव आया था. मौत के बाद कोरोना मरीज का सैंपल RTPCR जांच के लिए भेजा गया है. इस शख्स की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पायी गयी है. उसका भी कोविड टेस्ट ट्रूनेट मशीन में किया गया था.
इसे भी पढ़ें – LAC पर तनाव के बाद झारखंड हाईकोर्ट के वकील कुमार हर्ष ने चीनी कंपनी के लिए केस लड़ने से किया मना




