
Palamu: लॉक डाउन के बाद अब अनलॉक टू की प्रक्रिया चल रही है. लंबे समय से बंद कई दुकान-प्रतिष्ठान खुल चुके हैं. लेकिन पलामू सहित पूरे झारखंड में बसों का परिचालन ठप है. इससे बस मालिकों के साथ-साथ चालक और कर्मियों के समक्ष भुखमरी की स्थिति बन गयी है. सरकार की ओर से अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं किए जाने से गुस्साये बस मालिकों ने चालकों एवं अन्य के साथ रविवार को नेशनल हाईवे-98 को जाम रखा.
मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ को किया जाम
मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर हरिहरगंज के रक्सेल तेंदुआ के पास एनएच-98 को आधे घंटे तक जाम रखा गया. जाम में कई बस मालिक, आधा दर्जन चालक सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे.
कोविड नियमों के तहत हो बसों का परिचालन
बस मालिकों ने कहा कि झारखंड में लॉक डाउन के बाद अनलॉक टू की प्रक्रिया शुरू है. बावजूद यहां बसों का परिचालन नहीं हो पा रहा है. बस के कारोबार पर आश्रित बस मालिक, चालक, कंडक्टर व खलासी बेरोजगार हैं. और उनकी आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो गयी है. ऐसे में कोविड नियमों के तहत बसों का परिचालन शुरू करने की जरूरत है.ॉ
इसे भी पढ़ें – कुछ अलग : चांदी के बाद अब सोने का मास्क बनवाया, तीन लाख रुपये लागत, 55 ग्राम सोने का इस्तेमाल
बिहार की तर्ज पर बसों का परिचालन शुरू करने की मांग
यह भी कहा कि पड़ोसी राज्य बिहार में बसों का परिचालन शुरू करा दिया गया है. बिहार राज्य में कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए बसों का परिचालन शुरू है. लेकिन झारखंड में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. यहां भी इसी तरह की व्यवस्था करने की जरूरत है. बस मालिकों ने अविलंब बस के परिचालन शुरू कराने, 4 महीने का टैक्स माफ करने की मांग राज्य सरकार से की है.
हरिहरगंज से खुलती है आधा दर्जन रूटों की बसें
विदित हो कि हरिहरगंज से बिहार के सासाराम और झारखंड के रांची, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर औऱ उत्तरप्रदेश के इलाकों तक के लिए बसों का परिचालन होता है. यहां से करीब डेढ़ दर्जन से अधिक बसें हर दिन विभिन्न रूटों के लिए खुलती थीं. परिचालन ठप रहने से जहां आम लोगों को यात्रा करने में परेशानी हो रही है. वहीं सरकार को भी भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है. साथ ही इस कारोबार से जुड़े बस मालिक सहित अन्य काफी परेशान हैं.
इसे भी पढ़ें – राज्य में हर चौबीस घंटे में औसतन पांच दुष्कर्म व चार हत्या की वारदात हो रही दर्ज
जाम में ये थे शामिल
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सड़क जाम करने वालों में बस मालिक उपेंद्र कुमार सिंह, मनोज सिंह, राजगौरव उर्फ छोटू सिंह, मयंक सिंह, ड्राइवर मंटू सिंह, दिनेश कुमार, कंडेक्टर पप्पू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, एजेंट दिलीप पासवान, लव शुक्ल, गोल्डन सिंह, ट्विंकल सिंह, अंकित सिंह, सुमेर सिंह, अमित सिंह आदि का नाम शामिल है.
इसे भी पढ़ें – जिला परिषदों को मिली 15वें वित्त आयोग से राशि, विभाग ने जारी किये 42 करोड़ 22 लाख 50 हजार




