
New Delhi: देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है. वहीं देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 30 हजार के करीब है. दिल्ली में तेजी से बढ़ते केस के बीच कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात कही जा रही है. वही प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन अथॉरिटी की बैठक अपने निर्धारित शेडयूल के अनुसार होगी.
इसे भी पढ़ेंःदिल्ली: आज होगा CM केजरीवाल का Corona टेस्ट, रविवार से बिगड़ी तबीयत, खांसी-बुखार की शिकायत
कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा
दरअसल, दिल्ली में काफी तेजी से कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दिल्ली में कोरोना वायरस का कम्युनिटी प्रसार शुरू हो गया है. राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना की स्थिति पर मंथन करने के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन अथॉरिटी की बैठक की होगी. जिसकी अध्यक्षता सीएम केजरीवाल की अनुपस्थिति में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया करेंगे. बता दें कि केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं है, और मंगलवार को उनका कोरोना टेस्ट होगा.
इस बीच मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा है कि बैठक अपने निर्धारित शेड्यूल पर होगी. बैठक में इस बात पर चर्चा होगी की दिल्ली में कोरोना संक्रमण की स्थिति क्या है? क्या कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है? इस पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाने की जरूरत है?
इसे भी पढ़ेंःबिहार: एक दिन में कोरोना के 276 केस, 31 की मौत, 5 हजार के पार कुल मामले
30 हजार के करीब संक्रमित
दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस के 1,007 नए मरीज सामने आए. इसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमितों की संख्या करीब 30 हजार तक पहुंच गई, जबकि संक्रमण ने अब तक 874 लोगों की जान ले ली है.
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में 30 मई से छह जून के बीच 62 संक्रमितों की मौत हुई. इनमें से 27 की मौत पांच जून को हुई. इन मौतों की खबर सात जून को मिली. दिल्ली में कोविड-19 के सबसे ज्यादा 1513 मामले तीन जून को आए थे.
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को एक बुलेटिन में कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 874 हो गई है और कोविड-19 के कुल मामले 29,943 हो गए हैं. जिनमें से अबतक 11,357 मरीज संक्रमण से ठीक हो चुके हैं जबकि 17,172 रोगी इलाज करा रहे हैं.
इसमें कहा गया है कि विभिन्न अस्पतालों से मिली जानकारी के आधार पर, मृत्यु ऑडिट समिति के मुताबिक मृतकों की संख्या में उन मौतों को शामिल किया जाता है जिसमें मृत्यु का प्राथमिक कारण कोविड-19 मालूम पड़ता है.
दिल्ली में अबतक कोविड-19 के 2,55,615 सैंपल की जांच की गई है. 13,405 संक्रमित मरीज घर में पृथकवास में हैं. जबकि 248 मरीज वेंटिलेटर या आईसीयू में हैं. शहर में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या सोमवार को बढ़कर 183 हो गई है जो रविवार को 169 थी.
इसे भी पढ़ेंःकोरोना संकट में टेंशन में बिहार सरकार, बांटे लाखों कंडोम, कारण हैरान करने वाली है




