
Dhanbad: एक ओर जहां देश के पुलिसकर्मी कोरोना को लेकर जनता में जागरूकता फैलाने और अन्य कामों में व्यस्त हैं, वहीं झरिया थाना प्रभारी पर एक व्यक्ति ने पुलिस की छवि खराब करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
इस शख्स ने इस बारे में ऑनलाइन FIR दर्ज करवायी और मामले की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से की है. ऑनलाइन प्राथमिकी झरिया के चौथाई कुल्ही निवासी राजकुमार दुबे ने दर्ज करायी है.
इसे भी पढ़ें- #Covid-19: देश में मरीजों की संख्या 29 हजार से अधिक, मौत का आंकड़ा 934
पुलिसकर्मियों को घर से निकालने के लिए बना रहे थे दबाव
मामले को लेकर झरिया थाना क्षेत्र के चौथाई कुल्ली निवासी राजकुमार दुबे ने बताया कि मेरे घर में चार महीने से तीन पुलिसकर्मी किरायेदार हैं. राकेश कुमार गुप्ता, अभय सिंह और राजीव रंजन मेरे मकान में रहते हैं. ये लोग अपने काम से मतलब रखते हैं और उनसे मेरा संबंध भी खराब नहीं है.

लेकिन पता नहीं झरिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर को क्या परेशानी है. उन्होंने एक माह पहले खबर भिजवायी थी कि इन पुलिस वालों को घर से निकाल दो. जब हमने घर से नहीं निकाला तो इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह ने 24 अप्रैल को अपने मुंशी को मेरे घर भिजवाया और मुझे थाने बुलवाया.
इसे भी पढ़ें- #Delhi में लॉकडाउन में राहतः आज से खुलेंगी कुछ दुकानें, राज्य में संक्रमितों की संख्या 3000 से अधिक
थाना प्रभारी पर मारपीट व अपशब्द कहने का आरोप
राजकुमार दुबे ने बताया कि वह थाना प्रभारी के बुलावे पर थाना गये. जहां उन्होंने मुझे अपशब्द करे क्योंकि मैंने तीनों पुलिसकर्मियों को घर से नहीं निकाला था. थाना प्रभारी ने मुझसे कहा कि जब हम कह रहे हैं उनको अपने घर से निकालो तो क्यों नहीं निकाल रहे हो.

जिसपर मैंने कहा कि वो लोग अच्छे से रह रहे हैं. हमें उनसे कोई दिक्कत नहीं है तो कैसे निकाल दूं. इतना सुनते ही थाना प्रभारी गुस्से में आ गये और उन्होंने मेरे साथ मारपीट की. उन्होंने अपने जूते से मेरे पैर के अंगूठे को मसल दिया और नाखून उखाड़ दिये. साथ ही थाना प्रभारी ने मुझे बर्बाद कर देने की धमकी दी है. इस वजह से मेरा पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है.
इसे भी पढ़ें- #BiharCoronaOutBreak: कोरोना के 69 नये केस, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 346
डीजीपी, डीआइजी और एसएसपी से की मामले की शिकायत
राजकुमार दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने झरिया थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह पर प्रताड़ित करने और बेवजह मारपीट करने को लेकर ऑनलाइन एफआइआर दर्ज करवाया है. साथ ही डीजीपी, डीआइजी, धनबाद एसएसपी और एसपी को लिखित शिकायत कर न्याय की मांग की है.

वहीं झरिया थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह से मामले को लेकर पूछे जाने पर कहा कि उनपर गलत आरोप लगाया जा रहा है. पुलिसकर्मी वहांं रहते हैं तो लेट से आते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस वाले को घर मे रखकर कुछ भी करने की छूट नहीं दी जायेगी.




