Corona_UpdatesEducation & Career

#Corona_Effect: नेशनल लेबल की परीक्षाओं के लिए स्टूडेंट्स को करना होगा लंबा इंतजार, कई एग्जाम्स की एप्लीकेशन डेट बढ़ी

Ranchi: कोरोना वायरस के खतरे ने देश-दुनिया की तमाम व्यवस्थाओं पर असर तो डाल ही रखा है, साथ ही साथ शिक्षा जगत को खासा प्रभावित किया है. इस वजह से राज्य के 60 हजार से अधिक स्टूडेंट्स को नेशनल लेबल की परीक्षाओं के लिए लंबा इंतजार करना होगा.

अप्रैल से जून तक के महीने में राष्ट्रीय स्तर की चार बड़ी परीक्षाएं होने वाली थी. ये परीक्षाएं मेडिकल की नीट, इंजीनियरिंग की जेईई मेन, यूजीसी की नेट, आर्किटेक्चर की नाटा जैसी परीक्षाएं हैं.

इसे भी पढ़ेंः#COVIDー19 का संक्रमण हुआ तेज: देश में 1600 के पार #Corona पॉजिटिव की संख्या, 47 लोगों की गयी जान, 153 हुए ठीक  

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से ये तमाम परीक्षाएं ली जाती हैं. केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग ने उन तमाम परीक्षाओं पर रोक लगाते हुए अगले आदेश तक सभी परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी करने की तिथि और परीक्षाओं की तिथि पर रोक लगा दी है.

नेशनल लेबल की परीक्षाओं को लेकर ताजा अपडेट 

नाटा

देश के बड़े तकनीकी संस्थाओं में आर्किटेक्चर की पढ़ाई में नामांकन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नाटा टेस्ट लिया जाता है. इसे नेशनल एप्टीट्यूट टेस्ट इन आर्किटेक्चर के नाम से जाना जाता है. इस परीक्षा में राज्य से लगभग 4000 स्टूडेंट्स शामिल होते हैं.

काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर की ओर से लिए जाने वाले इस टेस्ट को स्थगित कर दिया गया है. यह परीक्षा 19 अप्रैल को होने वाली थी. परीक्षा को स्थगित करने संबंधी जानकारी वेबसाइट पर दे दी गयी है. परीक्षा तिथि के साथ-साथ इसके आवेदन की तारीख को भी बढ़ा दिया गया है. अब छात्र 15 अप्रैल तक इसके लिए आवेदन कर सकेंगे.

19 अप्रैल तक छात्र अपनी फोटो को अपलोड कर सकते हैं. छात्र 22 अप्रैल तक आवेदन फार्म की स्वीकृति की प्रिंट निकाल सकेंगे. 20 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच छात्र आवेदन में सुधार कर सकते हैं.

जेइइ मेन

31 एनआइटी,  25 ट्रिपल आइटी सहित देश के सेंट्रल फंडेड टेक्निकल संस्थानों में प्रवेश के लिए होने वाली जेइइ मेन परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है. इस परीक्षा में देशभर से 9 लाख स्टूडेंट्स ने आवेदन किये हैं. जबकि झारखंड से 14 हजार स्टूडेंट्स शामिल होंगे.

यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से वर्ष में दो बार ली जाती है. जेइइ मेन की पहली परीक्षा जनवरी में हो चुकी है. जबकि दूसरी परीक्षा पांच से 11 अप्रैल के बीच होनी थी, जिसे स्थगित कर दिया गया है. अब इस परीक्षा के नये तारीख की घोषणा जल्द की जायेगी. जेइइ मेन परीक्षा के बाद आइआइटी में दाखिले के लिए जेइइ एडवांस्ड परीक्षा ली जानी थी, इसे भी अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है. जेइइ एडवांस्ड में रांची शहर से 3000 के करीब स्टूडेंट्स शामिल होते हैं.

इसे भी पढ़ेंः#Corona से UP में पहली और MP में छठी मौत, गुजरात-आंध्र प्रदेश में बढ़े केस

नीट

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से ही नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) लिया जाता है. इस परीक्षा के द्वारा देश और राज्य के सरकारी, प्राइवेट और सरकारी अनुदान प्राप्त मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस कोर्स में दाखिला लिया जाता है. शैक्षणिक सत्र 2020 के लिए यह परीक्षा 3 मई को होनी थी. एमएचआरडी ने इस परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है. इस परीक्षा में देशभर से 16 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे. इस परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

परीक्षाओं की है लंबी कतार

उक्त परीक्षाओं के अलावा सात अन्य परीक्षाएं हैं, जिनकी तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है. ये सभी परीक्षाएं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से ली जाने वाली है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जिन परीक्षाओं के आवेदन की तिथि में विस्तार दिया गया है, उसमें- इग्नू की पीएचडी प्रवेश परीक्षा, इग्नू की एमबीए प्रवेश परीक्षा (ओपनमैट) है.

इन दोनों ही परीक्षाओं के आवेदन की तिथि 23 मार्च को समाप्त हो गयी थी, जिसे विस्तार देते हुए 30 अप्रैल किया गया है. आइसीएआर के एडमिशन डेट को भी 30 अप्रैल कर दिया गया है. होटल मैनेजमेंट कोर्स में प्रवेश के लिए ली जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए 30 अप्रैल तक आवेदन किया जा सकता है. इसके अलावा जेएनयू एडमिशन टेस्ट, यूजीसी नेट, सीएसआइआर-नेट और ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट इंट्रेंस टेस्ट के लिए क्रमश: 30 अप्रैल, 16 मई, 15 मई और 31 मई तक आवेदन किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ेंः#Bihar में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या हुई 23, #TablighiJamaat से जुड़े लोगों की खोज जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button