
Dhanbad : झरिया के अलकडीहा थाना प्रभारी ललन प्रसाद का घूस लेते एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में केस मैनेज करने के नाम पर थाना प्रभारी घूस की मांग कर रहे हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है थाना प्रभारी पैसे ले रहे हैं. साथ ही वे इस बात की हिदायत भी दे रहे हैं कि अगली बार अगर कम पैसे लाये तो जेल में बंद कर दूंगा.
गौरतलब है कि अलकडीहा थाना क्षेत्र में दो महिलाओं के आपस का विवाद थाना पहुंचा था. दोनों महिलाओं ने एक दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत थाना में की थी. इस मामले में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने थाना पहुंचकर समझौता करने की थाना प्रभारी से अपील की.
अलकडीहा थाना प्रभारी ने दोनों महिलाओं से केस मैनेज करने के एवज में 5-5 हजार रुपये बतौर घूस मांग की थी. सामाजिक कार्यकर्ता के अनुसार, उन्होंने कहा कि था पांच-पांच हजार रुपये देने के बाद ही केस मैनेज होगा.
इसे भी पढ़ें- दिल्ली: AAP विधायक के काफिले पर गोलीबारी, एक की मौत, हिरासत में आरोपी
घूस की पूरी रकम देने के बाद ही माने थाना प्रभारी
थाना प्रभारी के फरमान के बाद दोनों महिलाएं घूस की रकम का जुगाड़ करने में जुट गयीं. किसी ने टीवी गिरबी रखकर पैसे का जुगाड़ किया तो किसी ने उधार मांगा. रुपये फिर भी पूरे नहीं हुए. सामाजिक कार्यकर्ता जब घूस की रकम लेकर थाना पहुंचे तो प्रभारी ललन प्रसाद भड़क गये और दोनों पर केस करने की धमकी देने लगे.
जिसके बाद दोनों ने हाथ जोड़कर प्रभारी से गुहार लगायी कि अब ऐसा नही होगा. बावजूद इसके थाना प्रभारी नहीं माने. जानकारी के मुताबिक घूस की पूरी रकम लेने के बाद ही वे माने. इस बाबत एक वीडियो वायरल हुआ है.
इसे भी पढ़ें- पलामू: सेक्स रैकेट का खुलासा, पांच महिला समेत 8 गिरफ्तार
बेबुनियाद है घूस लेने की बात: थाना प्रभारी
इस संबंध में थाना प्रभारी ललन प्रसाद से जब पूछा गया तो उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच लेन-देन का मामला था. समझौता के दौरान जो पैसे देने की बात कही गयी थी वही पैसे मैं ले रहा था. यह रुपये दूसरे पक्ष को देना था. यह वीडियो उसी का है. घूस लेने की बात बेबुनियाद है.
वहीं इस मामले में सिंदरी एसडीपीओ अजित कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है. मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे.




