
Dhanbad : परिवहन विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को आग लग गयी. इस घटना के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. घटना की सूचना मिलने पर परिवहन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया. बताया जाता है कि आग जनरेटर से लगी और पूरे कार्यालय में फैलने लगी.
लोगों ने बताया कि अगर अग्निशमन विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था. बताया जाता है कि परिवहन विभाग में अग्निशमन का कोई यंत्र भी नहीं था. इस संबंध में परिवहन विभाग के अधिकारी कुछ भी बताने से इंकार करते रहे.
वहीं डीटीओ भी 12 बजे तक अपने कार्यालय नहीं पहुंचे थे. हमने घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए डीटीओ से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन भी नहीं लगा.
इसे भी पढ़ें – झारखंडः तेरा क्या होगा रे दलबलुओं!
हाल में हो चुकी हैं अगलगी कई घटनाएं
हाल ही में कंबाइंड बिल्डिंग के पास एक बिल्डिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी थी. इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया था. बताया जाता है कि अगलगी की इस घटना में कई कागजात भी जलकर राख हो गये थे. इस बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा था.
इसके साथ ही गोल्फ ग्राउंड में आयोजित सरस मेले में भी शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी थी. इस घटना में देश के विभिन्न जगहों से लोग दुकान लगाने के लिए आये थे. अगलगी की इस घटना में उनको भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ था.
इसे भी पढ़ें – #JPSC: 18 साल में ली 6 परीक्षाएं, 4 विवादित, अब दावा 6 महीने में होंगी एक साथ 3 परीक्षाएं
सुरक्षा मानकों को धत्ता बताकर बनाये गये हैं बिल्डिंग
पिछले दिनों मटकुरिया के सिग्नेचर टावर में भी शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी थी. अगलगी की इस घटना के बाद हुई जांच में यह बात सामने आयी थी कि अधिकतर बिल्डिंग का निर्माण सुरक्षा मानकों को धत्ता बताकर किया गया है.
आग लगने की स्थिति में इन बिल्डिंगों में जानमाल का अधिक नुकसान हो सकता है. हालांकि इस घटना के बाद भी इन बिल्डिंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी थी.
इसे भी पढ़ें – धनबाद में बेखौफ चल रहे हैं काले शीशे लगे वाहन, प्रशासन नहीं कर रहा कोई कार्रवाई




