
Palamu: झारखंड की राजधानी रांची को लोहरदगा के रास्ते जोड़ने वाली रांची-सासाराम रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस 18635 अप और 18636 डाउन में यात्रियों की भयंकर भीड़ हो रही है.
यह भीड़ किसी पर्व त्योहार के कारण नहीं हो रही है, बल्कि यह भीड़ तब से हो रही है जब से इस ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ है. इसमें यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने का कारण गढ़वा रोड, डालटनगंज के यात्रियों को बस यात्रा के समय से करीब दो घंटा पहले यह ट्रेन रांची पहुंचा देती है.
इसे भी पढ़ें- इन 11 तथ्यों से जानें कितने खराब हैं देश के हालात, मोदी सरकार ने कहां पहुंचा दिया आपको
बस से काफी कम है किराया
इस ट्रेन में डालटनगंज से रांची का किराया मात्र 80 रुपया है. यानि बस भाड़े से करीब आधा. वहीं इस ट्रेन में मात्र एक एसी आरक्षित चेयर कार है. इसमें रांची तक का किराया 320 रुपया है.
रेलवे द्वारा पलामू वासियों को मिले इस तोहफे से लोग जितना खुश थे, अब उतना ही दुःखी हैं. आम यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन में कम से कम दो नाॅन एसी आरक्षित चेयरकार की व्यवस्था कर यात्री कष्ट को दूर किया जा सकता है.
भले इस आरक्षित चेयरकार का किराया 120 रुपये से 150 रुपये क्यों न हो. इसके अलावा ट्रेन में दो साधारण बोगियों को और जोड़ने की जरूरत है, ताकि भीड़ पर नियंत्रण पाया जा सके.
इसे भी पढ़ें- निजी स्कूलों को लेनी होगी फिर से मान्यता, झारखंड के 12,16,398 बच्चों के भविष्य पर संकट
रांची-चोपन का नहीं बढ़ा फेरा
पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम अपनी दूसरी पारी में खरा उतरे हैं. उनके अथक प्रयास से इंटरसिटी जैसी ट्रेन क्षेत्र के लोगों को प्राप्त हुई. सांसद ने इस ट्रेन के परिचालन को झंडी दिखा कर शुरू करने के अवसर पर कहा था कि चोपन-रांची एक्सप्रेस भी बहुत शीघ्र ही लोहरदगा होकर चलेगी.
इससे यात्रियों को दोहरा लाभ मिल सकेगा. सांसद विष्णुदयाल राम ने यह भी जानकारी दी कि चोपन-रांची-चोपन एक्सप्रेस तीन दिन की जगह चार दिन चलेगी और डाउन में चोपन से इसका प्रस्थान समय सुबह चार बजे तक करने का प्रस्ताव है. ताकि यह ट्रेन डालटनगंज 7.30 बजे सुबह पहुंच जाए और चार घंटे का सफर तय कर करीब 11.30 बजे पूर्वाहन रांची पहुंच जाए.
इस ट्रेन से गढ़वा, गढ़वा रोड (रेहला) डालटनगंज आदि शहरों के यात्रियों को रांची जाने में सुविधा हो जाएगी. लेकिन ऐसा अबतक नहीं हो पाया है. इससे भीड़ में और बढ़ोतरी हो रही है.
इसे भी पढ़ें- चंद्रपुरा पावर प्लांट से जारी है दामोदर नदी में तेल का रिसाव, पानी साफ होने में लगेंगे दो दिन
बोगियों की संख्या बढ़ाने के लिए ईसीआर के जीएम को पत्र
पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कर रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस में बोगियों की संख्या दस से बढ़ाकर 22 करने की मांग की है.
साथ ही एसी कोच की संख्या एक से बढ़ाकर दो करने का अनुरोध किया है. सांसद ने बताया है कि रांची-सासाराम ट्रेन के शुरू होने से पलामू-गढ़वा और आसपास रहने वाले लोग राजधानी से जुड़ गये हैं, लेकिन नौ जनरल कोच और एक एसी कोच इतनी भारी संख्या में लोगों को लाने ले जाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हो रही है.
जिसका नतिजा यह हो रहा है कि लोग इस ट्रेन से यात्रा नहीं कर पा रहे हैं और स्टेशन पर ही छूट जा रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि इस रूट पर प्रतिदिन एक तरफ से 100 से ज्यादा बसें चलती हैं, जो यह दिखाता है कि यह भारी ट्रैफिक वाला रूट है.




