
Asansol : इसीएल की खदानों में कोयला चोरी और कम्पनी के लीजहोल्ड एरिया में अबैध खनन पर अंकुश लगाने को लेकर सतर्कता विभाग के अनुशंसा पर कंपनी ने टास्क फोर्स (टीएफ) का गठन किया.
आठ एरिया और दो वर्कशाप से कुल 21 सुरक्षा अवर निरीक्षकों को लेकर यह टीएफ का गठन हुआ है. इस टीएफ का प्रभार उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर राजा पाल को दिया गया है. टीएफ का नियंत्रण सीधे मुख्यालय करेगी. टीएफ अपनी रिपोर्टिंग सीधे कार्यात्मक निदेशक (एफडी) को करेगी.
कार्मिक निदेशक विनय रंजन ने यह आदेश जारी किया. इससे पूर्व भी पुलिस, सीआईएसएफ और विभागीय सुरक्षा अधिकारियों को लेकर एक टास्क फोर्स का गठन हुआ था. लेकिन आपसी तालमेल के अभाव से यह टीएफ सफल नहीं हो पाया. इसबार सिर्फ विभागीय अधिकारियों को लेकर टीएफ का गठन हुआ.
इसे भी पढ़ें : #NewTrafficRule पर खुल कर बोल रहे हैं- पढ़ें लोग क्या कह रहे हैं (हर घंटे जानें नये लोगों के विचार)
टीएफ को जांच का मिला विशेष अधिकार
कार्मिक निदेशक रंजन ने टीएफ को लेकर जारी अपने आदेश में लिखा कि टीएफ खुफिया सूचना संग्रह करेगी और कोयला चोरी तथा लीजहोल्ड क्षेत्र में अबैध खनन रोकने का कार्य करेगी. किसी भी एरिया के किसी भी इलाके में टीएफ छापामारी और जप्ती कर सकती है. इसकी सूचना एफडी को देगी.
टीएफ के प्रमुख पुलिस और राज्य प्रशासन के साथ संपर्क बनाकर रखेंगे. सुरक्षा विभाग को मजबूत करने से संबंधित कोई भी सुझाव टीएफ दे सकती है. किसी भी एरिया में वे ब्रिज , रेलवे साईडिंग में जांच कर सकती है. जरूरत के आधार पर कागजातों की भी जांच कर सकती है.
किसी भी छापामारी के दौरान जरूरत के आधार पर सीएसाईएफ और पुलिस की मदद ले सकती है. 15 दिन के अंतराल पर एरिया स्तर पर रिपोर्ट मुख्यालय में जमा करना होगा. चैयरमैन सह प्रबंध निदेशक और एफडी के किसी भी टास्क का पालन करना होगा. टीएफ का नियंत्रण मुख्यालय से होगा.
इस आदेश के बाद सुरक्षा विभाग में खलबली मची हुई है. सुरक्षा को लेकर गठित टास्क फोर्स से सुरक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों को ही परे हटा दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : Whatsapp पर वायरल की बच्चा चोरी की #FakeNews, दो ग्रुप एडमिन्स से पुलिस कर रही पूछताछ
टास्क फोर्स में आठ एरिया और दो वर्कशाप के कर्मी शामिल
कार्मिक निदेशक के आदेश में टास्क फोर्स के सदस्यों की सूची भी जारी कर दी गयी है. टीएफ के प्रमुख मेजर पाल होंगे. उन्हें पांच अवर निरीक्षक सहयोग करेंगे. इन पांच अवर निरीक्षकों को दस अवर निरीक्षक सहयोग करेंगे.
कुल 15 अवर निरीक्षक प्रतिदिन टीएफ के कार्य में शामिल रहेंगे. छह अवर निरीक्षकों को रिजर्व में रखा गया है. 15 में यदि कोई किसी दिन छुट्टी पर रहता है तो रिजर्व के अधिकारी उनके जगह पर आ जाएंगे.
टीएफ में सालानपुर एरिया से चार सुरक्षा अवर निरीक्षक, झांझरा एरिया से एक, पांडेश्वर एरिया से एक, सोदपुर एरिया से तीन, नियामतपुर सेंट्रल वर्कशॉप से दो, मुगमा रीजनल वर्कशॉप से एक, सोनपुरबाजारी एरिया से दो, मुगमा एरिया से दो, एसपी माइन्स एरिया से एक और एरिया से तीन कुल 21 सुरक्षा अवर निरीक्षक इसमें शामिल हैं.
टीएफ ने पहली छापामारी में 150 टन कोयला किया जब्त
टीएफ के गठन की आदेश की प्रति अधिकारियों को प्राप्त होते ही शनिवार को सालानपुर एरिया के बेगुनिया कोलियरी संगलन इलाके में पहली छापामारी हुई. जिसमें 150 टन कोयला जप्त किया गया.
इसे भी पढ़ें : #ChamberElection : तकनीकी कारणों से चेंबर चुनाव रद्द, अब 15 सितंबर को होगा




