
Ranchi : जिला उपायुक्त की ओर से रांची यूनिवर्सिटी प्रशासन को एक पत्र से माध्यम से छात्र संघ चुनाव स्थगित करने की बात की गयी है. इससे आक्रोशित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से लेकर रांची यूनिवर्सिटी प्रशासनिक भवन तक शांति मार्च निकाला.
छात्रों ने इस दौरान स्थानीय प्रशासन और रांची यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर किसी साजिश के तहत छात्र संघ चुनाव स्थगित करने का आरोप लगाया. छात्रों ने इसे छात्र अधिकार और लोकतंत्र का हनन बताया.
बता दें कि उपायुक्त की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि इस माह जिला में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री आने वाले हैं. ऐसे में जिला का वातावरण छात्र संघ चुनाव के लिये उपयुक्त नहीं है. उपायुक्त की ओर से छात्र संघ चुनाव दुर्गा पूजा के बाद करने की बात की गयी.
इसे भी पढ़ें : 12 सितंबर को झारखंड की धरती से पीएम करेंगे #KisanMandhan योजना का आगाज
झूठा हवाला दे रहा यूनिवर्सिटी प्रशासन
इस संबंध में एवीबीपी के प्रदेश संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि पहली बार यूनिवर्सिटी की ओर से समयानुसार चुनाव अधिसूचना जारी की गयी. रांची यूनिवर्सिटी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन साजिश के तहत छात्र संघ चुनाव स्थगित करना चाह रही है.
उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और छात्रों के अधिकार का हनन है. छात्र संघ चुनाव नये नेतृत्व कैंपस में स्थापित करता है. लेकिन रांची यूनिवर्सिटी ने सुरक्षा का झूठा हवाला देते हुए चुनाव स्थगित किया है. चुनाव तय समय में होना चाहिये. वहीं उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव संपन्न होने से सत्र मजबूत होगा.
बैठक में नहीं हो पाया निर्णय
छात्र संघ चुनाव को लेकर देर शाम रांची विवि में वीसी डॉ रमेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई, लेकिन इसपर कोई निर्णय नहीं हो पाया. घंटे भर से अधिक चली बैठक बिना किसी नतीजे के संपन्न हुई.
इसे भी पढ़ें : #Congress प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली से कार्यकर्ता नाराज! कह रहे, ‘हो रही नयी परम्परा की शुरुआत’
दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे राष्ट्रपति
12 सिंतबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नये विधानसभा भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहीं 28 से 30 सिंतबर के बीच होने वाले रांची यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि होंगे.
इस दौरान राष्ट्रपति दो दिनों तक रांची में रहेंगे. राजभवन को इसकी स्वीकृति मिल गयी है. हालांकि शुक्रवार को रांची यूनिवर्सिटी की ओर से इस मामले में उच्च स्तरीय बैठक की गयी. कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चुनाव तिथि में किसी प्रकार के परिवर्तन के लिए उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के उपरांत कुलपति महोदय समुचित निर्णय लें.
बताया गया कि मारवाड़ी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य के अनुरोध के आधार पर कॉलेज के निर्वाची पदाधिकारी डॉक्टर बी बीलाल प्रोफेसर इंचार्ज को बना दिया गया है. चुनाव कार्य के लिए चुनाव कंट्रोल रूम के लिए 11 कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
इसे भी पढ़ें : जाहेर स्थान के पास पंचायत मंडप निर्माण के विरोध में घाटशिला के नवयुवक आठ दिनों से अनशन पर




