
Mumbai : सोमवार को देश के सर्राफा बाजार में सोना रेकॉर्ड उंचाई को छूते हुए 40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर बिकने लगा. चांदी 46,000 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर चली गयी. खबरों के अनुसार देश की आर्थिक राजधानी मुंबई, गुलाबी शहर जयपुर और पीले सोने के सबसे बड़े बाजार अहमदाबाद में 24 कैरट सोने का भाव 40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (तीन फीसदी जीएसटी के साथ) से ऊपर चला गया. सोने के हाजिर भाव में 1,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक की तेजी दर्ज की गयी. चांदी में भी 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा की तेजी आयी.
मुंबई में 24 कैरट शुद्धता के सोने का भाव सोमवार को 40,040 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 38,770 रुपये प्रति 10 ग्राम था. 22 कैरट शुद्धता का सोना देश की आर्थिक राजधानी में पिछले सत्र के 38,720 रुपये से बढ़कर 39,890 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. मुंबई में चांदी का भाव 45,015 रुपये से बढ़कर 46,380 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया. जयपुर में 24 कैरट और 22 कैरट सोने का भाव क्रमश: 40,020 रुपये और 39,900 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी 46,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया.
चांदी 46,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी
अहमदाबाद में 24 कैरट और 22 कैरट सोने का भाव क्रमश: 40,000 रुपये और 39,870 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. जबकि चांदी 46,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी. इसमें जीएसटी शामिल है. वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोने का भाव सोमवार को फिर नयी उंचाई 39,340 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चला गया, हालांकि बाद में भाव फिसला और दोपहर बाद के कारोबार के दौरान अक्टूबर अनुबंध में 95 रुपये की तेजी के साथ 38,860 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार चल रहा था. चांदी के सितंबर वायदे में भी 252 रुपये की तेजी के साथ 44,854 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार चल रहा था.
घरेलू मांग में 50 फीसदी की कमी आयी
इंडिया बुलियन ऐंड जूलर्स एसोसिएशन यानी आईबीजेए के नैशनल सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता ने बताया कि ऊंचे भाव पर महंगी धातुओं की मांग में नरमी बनी हुई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल सोने और चांदी का बाजार न तो किसी फंडामेंटल से या एनालिसिस या चार्ट से चल रहा, बल्कि ट्रंप के ट्वीट से चल रहा है. इसलिए यह कहना मुश्किल है कि कब भाव बढ़ेगा या कब घटेगा. मगर हालिया तेजी से घरेलू मांग में 50 फीसदी की कमी आयी.
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव गहराने से विदेशी बाजार में सोने और चांदी में आयी तेजी से घरेलू बाजार में भी महंगी धातुओं की कीमतों में उछाल आया है. मगर, सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ओर से आए बयान के बाद कुछ नरमी आयी. ट्रंप ने कहा कि चीन ने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया है कि वे वापस बातचीत करना चाहते हैं और उन्होंने इसका स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें- टॉप सात कंपनियों को बाजार पूंजीकरण में 86,880 करोड़ का नुकसान




