JharkhandPalamu

पलामू : एक ही परिवार के तीन लोगों को सांप ने काटा, झाड़फूंक में दो की गयी जान, एक गंभीर

Palamu : पलामू जिले के लेस्लीगंज थानांतर्गत लोहड़ी गांव में सांप काटने से एक ही परिवार को दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार, बिरजू भुइयां (45), उसकी पत्नी बसंती देवी (40) और बेटे सुरेश भुइयां (28) को शुक्रवार रात सोयी हुई हालत में जहरीले सांप ने काटा. इसके बाद लोग झाड़फूंक में समय गंवाते रहे. स्थिति बिगड़ने लगी तो इलाज के लिए तुंबागडा के नवजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मां-बेटे बसंती और सुरेश को मृत घोषित कर दिया.

बिरजू भुइयां का इलाज अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत में सुधार तो हो रहा है पर खतरे से बाहर नहीं है. उसे एंटी वैनम टीका लगाया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि समय पर अस्पताल आ जाते तो बिरजू की पत्नी और बेटे को भी बचाया जा सकता था.

इसे भी पढ़ें : अपाचे गार्जियन अटैक हेलिकॉप्टर  भारत पहुंचे, पठानकोट एयरबेस भेजे गये

आधी रात खटपट की आवाज से पता चला

परिजनों ने बताया कि बसंती देवी बरामदे में पति के साथ सोयी थी, जबकि बिना दरवाजे वाले दूसरे कमरे में बेटा सुरेश अपनी पत्नी व बच्चों के साथ सोया था.

सुरेश की पत्नी आशा देवी ने बताया, “रात में खटपट की आवाज से नींद खुली तो देखा कि पति के पैर की उंगली से खून निकल रहा था. उन्होंने चिल्लाते हुए कहा-‘सांप ने काटा है, इलाज के लिए ले चलो’ और बेहोश हो गये. उधर बरामदे में सोयी सास के पैर में और ससुर के माथे पर सांप काटने का निशान है.”

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर गोलीकांड : चंदन को आया होश, कहा- पूनम से नाजायज संबध नहीं, मनोज ने शक में गोली चला दी

बस्ती की हालत खराब, बना रहता है जहरीले जीवों का खतरा

शनिवार को बीडीओ उज्जवल कुमार सोरेन लोहड़ी के दलित बस्ती पहुंचे और सर्पदंश की घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों से प्राप्त की.

ग्रामीणों ने बीडीओ को बताया कि टोले में दलित परिवारों के तीस घर हैं. सभी खपडै़ल मकान में रहते हैं. ज्यादातर में खिड़की-दरवाजे भी नहीं हैं. बरसात में पानी चूने के कारण घर भीगा रहता है. इलाके में पहले भी कई सांप पकड़े गये हैं. 

बीडीओ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद मदद का आश्वासन दिया है और कुछ आर्थिक मदद भी की. बोहिता पंचायत की मुखिया कलावती देवी ने भी पृतक की पत्नी को आर्थिक मदद दी.

लेस्लीगंज पुलिस ने मां-बेटे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

इसे भी पढ़ें : मुंबई में बारिश का कहर, रेल, विमान सेवाएं बाधित, महालक्ष्मी एक्सप्रेस में  700 यात्री फंसे,  नौसेना से मदद की गुहार

Related Articles

Back to top button