
NewDelhi : सपा सांसद आजम खान द्वारा लोकसभा स्पीकर की चेयर संभाल रहीं महिला सांसद रमा देवी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना उनके लिए मुसीबत का सबब बन गया है. चारों तरफ उनकी निंदा हो रही है. केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, भाजपा नेता जया प्रदा समेत कई दिग्गज नेताओं द्वारा आजम खान की टिप्पणी की निंदा की गयी है. अब बसपा प्रमुख मायावती ने भी आजम खान की टिप्पणी को अशोभनीय करार देते हुए सभी महिलाओं से माफी मांगने को कहा है.
मायावती ने अपने ऑफिशल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा कि सपा सांसद आजम खान द्वारा गुरुवार को लोकसभा में पीठासीन महिला के खिलाफ जिस प्रकार की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है तथा अति-निंदनीय है, इसके लिए उन्हें संसद में ही नहीं बल्कि सभी महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए.
पूरे सदन ने बयान की निंदा की है
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, लगभग पूरे सदन ने बयान की निंदा की है, जो शब्द उन्होंने कहे , हम उन्हें दोहराना भी नहीं चाहेंगे. पूरे देश ने जो यहां हुआ, वह देखा. मैं हर उस सदस्य की आभारी हूं, जो इसके विरोध में खड़ा हुआ. यह सिर्फ महिला का अपमान नहीं बल्कि उस महिला का भी अपमान है, जो स्पीकर की भूमिका में है. महिलाओं से जुड़े एक मुद्दे का भी राजनीतिकरण करने की कोशिश की गयी है, जबकि सभी इसके विरोध में खड़ा होना चाहिए था, इसका विरोध करने में असमंजस की स्थिति क्यों है?’
आजम खान ने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया
उधर, सांसद रमा देवी ने कहा कि आजम खान ने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया है. उन्होंने कहा, जया प्रदा जी के बारे में उन्होंने क्या कहा उस बात को हम सभी जानते हैं. उन्हें लोकसभा में रहने का कोई अधिकार नहीं है. मैं स्पीकर से आग्रह करूंगी कि उन्हें लोकसभा से बर्खास्त करें. आजम खान को माफी मांगनी चाहिए. जान लें कि गुरुवार को तीन तलाक बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान आजम खान जब बोलने के लिए खड़े हुए तो उन्होंने कहा कि मुख्तार अब्बास नकवी कहां हैं। इस पर स्पीकर ने कहा कि वह इधर-उधर की बात न करें बल्कि चेयर को संबोधित करते हुए बोलें. उसके बाद जो आजम खान ने जो कहा, वह अशोभनीय था.
इसे भी पढ़ेंः पाकिस्तान में 40 हजार आतंकियों की मौजूदगी वाले इमरान के बयान पर भारत ने कार्रवाई की मांग की




