Sports

महेंद्र सिंह धोनी वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जायेंगे, दो माह सैनिकों के साथ बितायेंगे

NewDelhi : भारत के स्टार  विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी दो महीने  क्रिकेट से दूर रहेंगे. वे दो महीनों के लिए पैरा सैन्य रेजिमेंट में शामिल हो रहे हैं. जान लें कि धोनी प्रादेशिक सेना की पैराशूट रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात है. बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने पीटीआई से कहा, धोनी ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए खुद को अनुपलब्ध बताया है , क्योंकि वह अगले दो महीने अपने अर्धसैनिक रेजिमेंट के साथ बितायेंगे.

इस खबर से  महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास  की तमाम अटकलों पर विराम लग गया है.   टीम इंडिया तीन अगस्त से वेस्टइंडीज दौरा शुरू कर रही है.  भारत इस दौरान तीन टी-20 इंटरनेशनल, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी. वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन  रविवार को किया जायेगा.

अधिकारी ने कहा, हमने कप्तान विराट कोहली और चयन समिति के प्रमुख एमएसके प्रसाद को उनके फैसले से अवगत करा दिया है. धोनी के दौरे से बाहर होने के बाद ऋषभ पंत तीनों प्रारूपों में विकेटकीपर बनने की पहली पसंद होंगे, जबकि रिद्धिमान साहा टेस्ट में पंत के साझेदार हो सकते हैं.

वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से संन्यास लेने के कयास लग रहे थे

इससे पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि धोनी वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे. इससे पहले धोनी के संन्यास की खबरों पर उनके मैनेजर और दोस्त अरुण पांडे ने  कहा था कि धोनी का अभी संन्यास का कोई इरादा नहीं है. अरुण पांडे ने कहा कि अभी माही के क्रिकेट छोड़ने का कोई प्लान नहीं है.  वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के वर्ल्ड कप का सफर सेमीफाइनल में थमते ही धोनी के संन्यास पर अटकलें लगनी शुरू हो गयी थी.  अरुण पांडे से पहले धोनी के बचपन के कोच केशव बनर्जी ने कहा था कि वह टी-20 वर्ल्ड कप तक खेलना जारी रख सकते हैं.

इसे भी पढ़ें : आइसीसी ने क्रिकेट के दो नियमों में किये बड़े बदलाव, कप्तानों को सस्पेंशन से राहत

Related Articles

Back to top button