
Mumbai: मुंबई हवाई अड्डे के मुख्य रनवे और घास वाले क्षेत्र के बीच फंसे स्पाइसजेट के विमान को हटा लिया गया है. ‘स्पाइसजेट’ का बोईंग 737 विमान सोमवार रात से यहां फंसा हुआ था, जिसे गुरुवार को खींच कर वापस रनवे पर लाया गया.
सोमवार रात फंसा था विमान
गौरतलब है कि खराब मौसम के कारण उतरते वक्त विमान रनवे से फिसलते हुआ नीचे उतर घास में फंस गया था. इस कारण हवाई अड्डे का मुख्य रनवे सोमवार रात से ही बंद था.
इसे भी पढ़ेंःजम्मू-कश्मीर : शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़
अधिकारियों ने बताया कि देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा अपने ‘सेकेंडरी रनवे’ से काम चला रहा था, जहां से एक घंटे में केवल 35 विमानों का परिचालन संभव है. जबकि मुख्य रनवे से प्रतिघंटा 48 विमानों का परिचालन हो सकता है.
‘एअर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड’ की एक टीम मंगलवार दोपहर से ही विमान को हटाने के काम में जुटी थी.
‘मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड’ के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि रनवे 09/27 में फंसे स्पाइसजेट के विमान को रात 11 बजकर 10 मिनट पर वापस रनवे पर खींच लिया गया. प्रवक्ता ने हालांकि यह नहीं बताया कि मुख्य रनवे से विमानों का परिचालन कब से शुरू होगा.
इसे भी पढ़ेंःमंत्री का बेतुका बयानः केकड़ों के कारण टूटा तिवारे डैम, हादसे में हुई थी 23 लोगों की मौत




