
Ranchi : चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का हाल जानने के लिए उनके बड़े बेटे तेजप्रताप यादव शनिवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) पहुंचे. बीमार लालू प्रसाद का रिम्स में अपना इलाज करा रहे हैं. लालू प्रसाद यादव के उत्तराधिकारी कहे जाने वाले छोटे बेटे तेजस्वी यादव लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद सार्वजनिक जीवन से गायब हो गये हैं.
लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों मोर्चा संभालते नजर आ रहे हैं. जहां शुक्रवार को उन्होंने चमकी बुखार को लेकर नीतीश कुमार पर निशाना साधा, वहीं शनिवार को अपने पिता लालू प्रसाद यादव को देखने रांची के रिम्स पहुंचे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी तेज प्रताप के साथ रांची आने वाले थे. पर उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया. हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गयी है.
तेज प्रताप ने शुक्रवार को चमकी बुखार को लेकर नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला था. आरोप लगाया था कि नीतीश कुमार बिहार में चमकी बुखार से बच्चों की मौत को रोकने में असफल रहे हैं. बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप ने 23 जून को राजभवन तक मार्च करने का भी ऐलान किया है.
इसे भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर : RJD नेता तेजस्वी के लापता होने के लगे पोस्टर, खोजने वाले को 5100 का इनाम
लोकसभा चुनाव के बाद लालू यादव की तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी थी
लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद लालू प्रसाद यादव की तबीयत ज्यादा ही बिगड़ गयी थी. जान लें कि बिहार में महागठबंधन की अगुआई कर रहा राजद पहली बार पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद की गैरमौजूदगी में लोकसभा चुनाव लड़ा. तेजस्वी यादव की तमाम कोशिशों के बावजूद राजद एक भी सीट हासिल नहीं कर पाया. खबर आयी थी कि पार्टी की अप्रत्याशित हार के बाद से लालू काफी तनाव में थे और दिन का खाना तक छोड़ दिया था. उनकी दिनचर्या बिगड़ गयी थी और ठीक से नींद भी नहीं ले पा रहे थे. चार-पांच दिनों के बाद उनकी तबीयत सुधरी.
लालू यादव के 72वें जन्मदिन पर भी तेजस्वी नजर नहीं आये थे
लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव नजर नहीं आने के कारण विरोधी दलों के नेता उनके गायब होने पर निशाना साध रहे हैं. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 72वें जन्मदिन पर भी तेजस्वी नजर नहीं आये थे, जिसके बाद जदयू ने तंज कसने का मौका नहीं छोड़ा. जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा था कि हद है कि जिसकी बदौलत आपका वजूद है, उनको केवल ट्वीट पर बधाई. आपको संस्कार मिले ही नहीं. यही वजह है कि आज बीमार लालू अकेले जेल में हैं और आप लोग ऐश में हैं.
इसे भी पढ़ें – मॉनसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा, देश के कई हिस्सों में दी दस्तक, किसानों के चेहरे खिले, गर्मी से राहत




