
Mandir Bazaar (WB): आखिरी दौर के चुनाव प्रचार में सबसे अधिक उबाल पश्चिम बंगाल में है. जहां बीजेपी और टीएमसी लगातार एक-दूसरे पर हमलावर है.
बीजेपी पर पलटवार करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि बंगाल को ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा को दोबारा बनवाने के लिए भाजपा के पैसे की जरूरत नहीं है, राज्य के पास पर्याप्त संसाधन है.
इसे भी पढ़ेंः14 सीटों के लिए मोदी को करना पड़ा एक रोड शो और चार जनसभाएं, क्या झारखंड BJP को खुद पर नहीं था भरोसा
क्या है पूरा मामला
दरअसल, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई हिंसा में कोलकाता के एक कॉलेज में मंगलवार को समाज सुधारक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ दी गई थी. विद्यासागर बंगाल में नवजागरण काल में एक प्रमुख शख्सियत थे.
इधर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में एक चुनावी रैली में यह वादा किया है कि विद्यासागर की पंचधातु की प्रतिमा उसी स्थान पर लगाई जायेगी, जहां वह स्थापित थी.
इसे भी पढ़ेंःमैट्रिक रिजल्ट जारी : 99.2 प्रतिशत अंक के साथ रांची चुटिया की छात्रा ने किया टॉप
ममता का पलटवार
ममता बनर्जी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मोदी ने वादा किया है कि वह कोलकाता में विद्यासागर की प्रतिमा दोबारा बनवायेंगे. हमें उनसे (भाजपा) धन क्यों लेना चाहिए, जब बंगाल के पास पर्याप्त संसाधन हैं.’’
उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रतिमाओं को तोड़ना इस पार्टी की आदत है और यह पार्टी त्रिपुरा में भी ऐसा कर चुकी है. तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा,‘‘भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 200 साल पुरानी विरासत नष्ट कर दी, जो लोग पार्टी का समर्थन कर रहे हैं उन्हें समाज स्वीकार नहीं करेगा.’’
भाजपा के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उसकी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भगवा पार्टी फेसबुक और टि्वटर पर अफवाह फैला रही है. उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सोशल मीडिया पर अपने फर्जी पोस्ट के जरिए लोगों को उकसाने और दंगा भड़काने की कोशिश कर रही है.’’
इसे भी पढ़ेंःगुमलाः 5 किमी पैदल चल पानी लाने को मजबूर आदिम जनजाति, खनन के कारण सूख रहे हैं झरने भी




