
Hazaribagh : जिले के कटकमदाग प्रखंड के पसई ग्राम में बीती रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई. इस झड़प में एक गुट के दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों को सिर पर गंभीर चोट है और वे सदर अस्पताल में इलाजरत हैं. इस झड़प के पीछे वहां के कुछ नशेड़ियों को वजह बताया जा रहा है.
दरअसल गांव के ही कुछ लोग दूसरों के घरों के सामने बने पुआल के मचान के सामने बैठकर नशा करते हैं. इससे पहले भी गांव में मचान में आग लगने से कई जानवर जल कर मर गए थे. जिसके बाद कुछ घरों के लोगों ने इसका विरोध किया था और नशा करने वालों को रोकने का प्रयास भी किया था. जिससे इसका विरोध एक गुट के लोग करने लगे और एकजुट होकर हिंसा पर उतारू हो गये.
साथ ही दूसरे गुट के लोगों से उलझ गये. वहीं मौके पर पंहुची पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव किया. जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. झड़प के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गयी है. फिलहाल माहौल शांत है.
इसे भी पढ़ें – नगर निगम का यूनिक वर्क स्टाइलः अटल वेंडर मार्केट बनाने के लिए न जन सुनवाई, न अंकेक्षण और न ट्रैफिक…
विधायक ने घायलों को हाल जाना
इधर घटना की जानकारी मिलते ही अहले सुबह सदर विधायक मनीष जायसवाल वहां पहुंचे. सबसे पहले वे घायलों का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे. वहां झड़प में घायल हुए देवकी गोप के पुत्र मोहन कुमार यादव और मोहन राणा के पुत्र मनोज राणा से मिलकर विधायक ने मामले की जानकारी ली.
विधायक ने कहा कि किसी भी समाज के भटके हुए लोगों को समाज का समर्थन प्राप्त नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके सुधार के लिए प्रयास करना चाहिए.
साथ ही विधायक ने प्रशासन से अपील की कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरत कार्रवाई करें. साथ ही उन्होंने पसई के लोगों से भी अपील किया कि वे शांति और प्रेम के माहौल को समाज में बनाये रखें.
इसे भी पढ़ें – 71 साल बाद भी नहीं बनी पक्की सड़क, गांव में कोई अपने लड़के-लड़कियों की शादी नहीं करता चाहता




