
Palamu : पलामू संसदीय सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी घुरन राम के लिए चुनाव प्रचार काफी तेज हो गया है. जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर स्टार प्रचारक सभाओं में भाग लेने लगे हैं. चतरा संसदीय क्षेत्र में पिछले दिनों चुनावी सभा करने के बाद बुधवार को बिहार के कई बड़े नेता महागठबंधन प्रत्याशी घुरन राम के पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए.
पलामू जिले के हुसैनाबाद और छत्तरपुर के बाद गढ़वा के कांडी में हुई जनसभा में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव शामिल हुए.
आश्वासन के बाद भी नहीं खुली जपला सीमेंट फैक्ट्री
हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान, छत्तरपुर हाई स्कूल स्टेडियम में तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र में मोदी के नेतृत्व में अगर भाजपा की सरकार बनी तो न आरक्षण बचेगा न संविधान. यह लोकसभा चुनाव देश, संविधान एवं आरक्षण को बचाते हुए गरीब, दलित एवं बेरोजगारों को हक व अधिकार दिलाने के लिए है.
उन्होंने कहा कि पूर्व में एनडीए की सरकार जपला सीमेंट फैक्ट्री को चालू करने के लिए चुनावी सभा में आश्वासन दिया था, परंतु ये जुमलेबाजी की सरकार फैक्ट्री तो नहीं खुलवा सकी, लेकिन इसे नीलाम करने का काम जरूर किया गया.
डबल इंजन की सरकार अपराध-भ्रष्टाचार में लिप्त
तेजस्वी ने कहा कि केंद्र व राज्य में डबल इंजन की सरकार है, जो एक अपराध तो दूसरा भ्रष्टाचार में लिप्त है. इस सरकार से गरीबों का कोई भला नहीं होने वाला है. भाजपा को अगर डर है तो वह लालू प्रसाद यादव से है. इसलिए एक साजिश के तहत लालू को भाजपा ने जेल भेजने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि जनता की अदालत बहुत बड़ी अदालत होती है, जहां न तारीख होती है न समय.
मुझे एवं मेरे परिवार को पूर्ण विश्वास है कि लालू जी को इंसाफ मिलेगा और ओर वे जेल से बाहर आएंगे. सरपरस्त जैसी ताकतों को रोकने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि मोदी जी झूठ की फैक्ट्री हैं, जो दिखावटी, बनावटी और मिलावटी हॉलसेलर के साथ रिटेलर हैं.
इसे भी पढ़ें – पहले अवैध कोयला कारोबारियों की टीम देती थी पुलिस को रुपये, अब साहब सबसे अलग-अलग ले रहे एक करोड़
एनडीए सरकार को उखाड़ फेंके : मांझी
वहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह हम पार्टी सुप्रीमो ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आरक्षण को बचाना है तो एनडीए सरकार को हटाना होगा. उन्होंने कहा कि जुमलेबाजी की इस सरकार ने अबतक गरीबों को मिले आरक्षण के साथ छेड़-छाड़ करने का कार्य किया है. पूर्व सांसद आलोक मेहता ने कहा कि एनडीए के नेताओं ने झारखंड से लेकर दिल्ली तक महज लूटने का कार्य किया है. इसलिए ऐसे लोगों को रोकने के लिए हम सभी एकजुट होकर महागठबंधन प्रत्याशी घूरन राम को जिताने का कार्य करें.
महागठबंधन प्रत्याशी घूरन राम ने कहा कि अगर मैं जीत कर जाऊंगा तो प्राथमिकता के आधार पर संविदाकर्मियों के मांग की आवाज बनूंगा. साथ ही कहा कि महागठबंधन का प्रत्याशी बनाये जाने से एनडीए के लोग हताश व निराश हैं.
इसे भी पढ़ें – NEWS WING INTERVIEW: डॉ. अजय ने कहा जमशेदपुर से लडूंगा चुनाव, महागठबंधन की मजबूती के लिए करना पड़ता…
मौके पर कौन-कौन थे उपस्थित
इस मौके पर राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव संजय कुमार सिंह यादव, जेएमएम के प्रदेश महासचिव शशि भूषण मेहता, नबीनगर के पूर्व विधायक भीम यादव, रवि कुमार यादव, बिनय कुमार सिंह यादव, एजाज हुसैन उर्फ छेदी खान, नेहाल असगर, जेवीएम के केंद्रीय सचिव रविन्द्र कुमार सिंह, रणविजय सिंह, कांग्रेस के अर्जुन सिंह, प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष शशि कुमार, उपाध्यक्ष गयासुद्दीन सिद्दीकी, राजद प्रवक्ता जाकिर अली उर्फ राज अली, अभय कुमार सिंह उर्फ टूना सिंह, राजमणी सिंह, मदन पासवान, कलामुद्दीन खान, ज्ञानी यादव, कामख्या नारायन सिंह, लखनदेव सिंह, हरिश्चन्द्र कुमार, उदय प्रसाद यादव, खुर्शीद अहमद, गौतम पटेल सहित महागठबंधन के घटक दलों के कई नेता उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – झारखंड के टॉप लीडरों का टंग वारः बयानों से एक दूसरे पर सीधा अटैक




