
Chandi Dutta Jha
Ranchi: औपनिवेशिक क्रिमिनल लॉ की जगह नये क्रिमिनल लॉ का एक जुलाई से आगाज हो जाएगा. पुलिस मुख्यालय नए क्रिमिनल लॉ के सफल संचालन के लिए पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देने की तैयारी में है. राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात 960 इंस्पेक्टर और एसआई को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा. रांची स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय और झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग में यह दो दिवसीय प्रशिक्षण छः चरणों में दिया जाएगा.
रांची में 360 इंस्पेक्टर और एसआई को जबकि पुलिस अकादमी हजारीबाग में 600 इंस्पेक्टर और एसआई को यह प्रशिक्षण दिया जाएगा. 6 मार्च से चलने वाला यह प्रशिक्षण 28 मार्च तक छः चरणों में चलेगा. राज्य के 24 जिलों में तैनात थाना प्रभारी समेत पुलिस के अन्य विंग के इंस्पेक्टर और एसआई को यह प्रशिक्षण दिया जाएगा.
नये क्रिमिनल लॉ का यह प्रशिक्षण अनिवार्य है. प्रशिक्षण में नये क्रिमिनल लॉ के बारे में विभिन्न विषय विशेषज्ञों पुलिस अधिकारियों को जानकारी देंगे. अधिकारियों को कानूनों की बदली गई धाराओं के अलावा अन्य अहम पहलुओं पर भी ट्रेनिंग दी जाएगी. प्रशिक्षण का मकसद नए कानूनों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है.
अभी नहीं लागू होंगे हिट एंड रन के प्रावधान
हिट एंड रन मामलों से जुड़े प्रावधान अभी लागू नहीं होंगे. देशभर के ट्रक चालक भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (2) के विरोध में थे. इसको लेकर चालकों ने हड़ताल भी की थी. इसको देखते हुए फिलहाल इसपर रोक लगा दी गई है. गृह मंत्रालय इस पर अखिल भारतीय मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस से चर्चा के बाद ही फैसला लेगा.
संसद के शीतकालीन सत्र में कब और कौन से विधेयक पारित हुए
गौरतलब है कि संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में 21 दिसंबर को तीनों विधेयक पारित किए थे. इनके नाम- भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य विधेयक हैं. 22 दिसंबर को राज्यसभा से भी तीनों विधेयकों को मंजूरी मिल गई. 25 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन विधेयकों पर अपनी सहमति दी और यह कानून लागू हो गए. इसके बाद गृह मंत्रालय ने नए क्रिमिनल लॉ को एक जुलाई से लागू करने की घोषणा की.




