
Palamu : पलामू प्रमंडल सहित पूरे राज्य में इन दिनों शादी समारोह के दौरान खुशी में हवाई फायरिंग की जा रही है. प्रमंडल के गढ़वा जिले के भवनाथपुर में दो दिन पहले फायरिंग के दौरान रांची के बड़े ठेकेदार अरविंद कुमार सिंह की मौत हो गयी थी.
शुक्रवार रात गुमला जिले में हर्ष फायरिंग के दौरान तीन बाराती जख्मी हो गये. इसके बाद भी शादी समारोहों में हथियार चमकानेवाले नहीं सुधर रहे. ऐसे लोगों पर पलामू पुलिस द्वारा शादी समारोह में फायरिंग नहीं करने के निर्देश का कोई असर नहीं है. मेदिनीनगर शहर में भी शादियों में हर्ष फायरिंग की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : बड़ी खबरः IIT धनबाद ने फीस नहीं चुकाने पर 214 स्टूडेंट्स को किया टर्मिनेट
बजाज बाइक के शोरूम में मिला खोखा, मची अफरा-तफरी
गढ़वा के बाद पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली का एक खोखा शहर के रांची रोड पर रेड़मा स्थित बजाज बाइक के शोरूम में शनिवार को मिला, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी.
शनिवार की सुबह नौ बजे शोरूम खुला, तब सफाई कर्मचारियों ने निदेशक के चैंबर के सामने फर्श पर खोखा पड़ा हुआ देखा. तुरंत निदेशक अभिषेक सिंह को इसकी सूचना दी गयी. निदेशक ने शहर थाना को इस संबंध में जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें : लोहरदगा : पीएलएफआई का जोनल कमांडर गिरफ्तार, हथियार और 26 गोलियां भी बरामद हुईं
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा अपनी टीम के साथ शोरूम पहुंचे. छानबीन के बाद थाना प्रभारी अरुण ने कहा कि बुलेट (गोली का अग्र भाग) हर्ष फायरिंग के दौरान ऊपर लगे एस्बेस्टस की छत को छेद करते हुए नीचे आया है.
पुलिस को पता लगा है कि शोरूम के आस-पास शुक्रवार को शादी थी. उसकी जांच में पुलिस जुट गयी है. आस-पास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी और शोरूम के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है. इधर, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता किशोर कुमार पांडेय ने मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : आउटसोर्सिंग कंपनियों के झगड़े ने निगम में अटकाये वाटर कनेक्शन के 200 आवेदन




