
Ranchi: झारखंड में डुप्लीकेट जॉब बनाकर आवास योजना का लाभ लेने का मामला पकड़ में आया है. ग्रामीण विकास विभाग ने पीएम आवास योजना ग्रामीण के लिए लाभुकों के जॉब कार्ड का सत्यापन कराया था, जिसमें यह बात सामने आयी कि बड़ी संख्या में वैसे परिवार भी हैं जिन्होंने पूर्व में भी आवास योजना के लिए उक्त जॉब कार्ड का उपयोग कर लिया था. फिर दोबारा आवास लेने के लिए आवास प्लस में डुप्लीकेट जॉब कार्ड के जरिये इंट्री करवा ली.
भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इसकी पूरी सूची तैयार करवायी थी. झारखंड सरकार को आवास प्लस से ऐसे परिवारों का नाम हटाने को कहा है. ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्य में 6147 ऐसे परिवार हैं जिन्होंने डुप्लीकेट जॉब कार्ड बनवाकर आवास योजना के लिए उपयोग किया. ये वे हैं जिन्हें पहले भी आवास का लाभ मिला है. विभाग अब जिलों को निर्देश दे रहा है कि आवास प्लस की सूची से हटाने की कार्रवाई प्रारंभ करें. इनकी जगह योग्य लाभुको को आवास देने के लिए कार्रवाई करें.




