
Ranchi : जेएमएम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है. राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए जेएमएम ने 50 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया है. जेएमएम के महासचिव विनोद कुमार पांडेय के हस्ताक्षर से राष्ट्रपति भवन भेजे गये पत्र में लिखा गया है कि झारखंड के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों वाले 50 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से अनुरोध कर रहा हूं. देश की राष्ट्रपति को कई महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत कराना है. जिसमें सरना धर्म कोड, एससी/एसटी और ओबीसी आरक्षण के साथ 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति शामिल है. साथ ही शीघ्र मुलाकात का समय देने का आग्रह किया है.
राज्य सरकार के कई विधेयक लंबित
गठबंधन सरकार ने सरना धर्म कोड, ओबीसी आरक्षण और 1932 खतियान आधारित स्थानीयता से संबंधित विधेयक को विधानसभा से पारित कर राज्यपाल के पास भेज दिया था. लेकिन राजभवन ने 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति और ओबीसी आरक्षण संबंधित दोनों विधेयक को वापस कर दिया था. 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति विधेयक के कुछ बिंदुओं पर पुनर्विचार करने का सुझाव देते हुए वापस कर दिया था. हेमंत सरकार ने आरक्षण को बढ़ा कर 77 फीसदी करनेवाला विधेयक पारित कर दिया था. जिसके बाद से प्रदेश में अनुसूचित जनजाति को 26 से बढ़ा कर 28 फीसदी, पिछड़ा वर्ग को 14 से बढ़ा कर 27 फीसदी और अनुसूचित जाति के लिए 10 से बढ़ा कर 12 फीसदी आरक्षण कर दिया गया था. जिसके बाद राज्यपाल ने इस विधेयक को भी वापस करते हुए दोबारा समीक्षा का सुझाव दिया था.
इसे भी पढ़ें – जानिए उन रजिस्ट्रारों को जिन्होंने रांची विश्वविद्यालय की जमीन कर दी दूसरों के नाम रजिस्ट्री, पढ़िए पूरी रिपोर्ट कैसे हुआ पूरा खेल (2)



