
Ranchi: 3 से 5 मार्च तक क्वालालंपुर (मलेशिया) के तितिवंग्सा स्टेडियम में 12वीं साइलेंट नाइट कराटे कप अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन होगा. इसमें भाग लेने वाली भारतीय कराटे टीम में रांची (झारखंड) के इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के दो महिला खिलाड़ियों मोहनी रितिका टोप्पो (काता वर्ग) और काजल कुजुर (कुमिते वर्ग) को भी शामिल किया गया है. साथ ही रेंसी सुनील किस्पोट्टा भारतीय कराटे टीम के कोच बनाए गए हैं. इमा के अध्यक्ष सेंसाई अनिल किस्पोट्टा आधिकारिक रूप में इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे. राज्य के खिलाड़ी 28 अक्टूबर को रांची से कोलकाता के लिए रवाना होंगे. कोलकाता एयरपोर्ट में वे भारतीय कराटे दल में शामिल होकर मलेशिया के लिए रवाना होंगे. रेंसी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि राज्य के कराटे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में देश का परचम लहरा रहे हैं. पिछले कई वर्षों से इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी इन खिलाड़ियों को एक अच्छा मंच देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण भी प्रदान कर रही है जिससे खिलाड़ी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें. साथ ही देश के लिए पदक जीत सकें. मोहिनी रितिका टोप्पो इमा कराटे स्टूडियो में एवं काजल कुजूर लोवडीह क्लब में प्रशिक्षण ले रही हैं. साथ ही काजल कुजूर केंद्रीय विद्यालय नामकुम में सातवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही हैं. खिलाड़ियों के भारतीय कराटे टीम में शामिल किए जाने पर इमा के अध्यक्ष सेंसाई अनिल किस्पोट्टा व अभिभावक गण समेत अन्य ने बधाई दी है.
इसे भी पढ़ें: चारा घोटाला: सजायाफ्ता लालू प्रसाद सहित 4 की सजा बढ़ाए जाने के मामले में सुनवाई 4 सप्ताह बाद होगी




