ChaibasaJamshedpurJharkhand

चाईबासा: जमशेदपुर डिवीजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज एसोसिएशन की चाईबासा इकाई के शिविर में 34 यूनिट रक्तदान

Chaibasa : मंगलवार को भारतीय जीवन बीमा निगम चाईबासा शाखा परिसर में जमशेदपुर डिवीजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज एसोसिएशन की चाईबासा इकाई की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इसमें 34 यूनिट रक्त संग्रह‍ित हुआ. रक्तदान शिविर का शुभारम्भ शाखा प्रबंधक राकेश रंजन सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने रक्तदान को महादान कहा और इसके महत्व को रेखांकित किया.

वालंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन जमशेदपुर के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मुखर्जी ने रक्तदान की जरूरत को देखते हुए अप्रैल, मई और जून जैसे गर्मी के महीनों में शिविर आयोजित करने पर बल दिया, क्योंकि इस समय मांग के अनुरूप रक्तदान कम होता है. उन्होंने यह भी कहा कि जमशेदपुर ब्लड बैंक से लगभग 850 थैलेसीमिया, सिक्ल सेल एनीमिया एवं अन्य एनीमिक मरीजों को रक्त की आपूर्ति की जाती है. जेडीआईए के महासचिव गिरीश ओझा ने कहा कि ट्रेड यूनियन रक्तदान कर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करती है. जेडीआईए द्वारा आयोजित इस रक्तदान शिविर में जमशेदपुर ब्लड बैंक और वालंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन जमशेदपुर के सहयोग से रक्त संकलन किया गया. जिला मुख्यालय चाईबासा से सुदूर आदिवासी गांव लगड़ा बरकुंडिया के युवा संजय बिरुआ ने सर्वप्रथम रक्तदान किया. इस अवसर पर कई बार रक्तदान करने वाले डॉ संग्राम प्रधान और हो साहित्यकार तिलक बारी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर जेडीआईए के साथी, बीमाकर्मी, अभिकर्ता और कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें-जमशेदपुर : पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला में अंधविश्वास पर सेमिनार में वक्ताओं ने कहा – भ्रम फैलानेवालों से सवाल पूछें बच्चे

Related Articles

Back to top button