
Palamu : पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बोड़ी गांव के तेली टोला में मंगलवार दोपहर हुई वज्रपात की घटना में दो महिलाओं की मौत हो गयी, जबकि दो महिलाएं जख्मी हो गयीं.
जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए पीएमसीएच, मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है. मृत महिलाएं एक ही परिवार की थीं.
जानकारी के अनुसार बोड़ी गांव के तेली टोला में एक ही परिवार की चार महिलाएं तिल काट कर रही थीं. इसी बीच बारिश होने लगी.
महिलाएं बारिश के पानी से बचने के लिए खेत से बाहर निकल ही रही थीं कि वज्रपात हुआ और मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गयी, जबकि दो झुलस गयीं. झुलसने वाली महिलाएं खेत में कुछ दूर पर थीं. हादसे में दो बकरियों की भी मौत हुई है.
इसे भी पढ़ें : हाल-ए-रिनपास: 5 डॉक्टरों के भरोसे 300 मरीजों की ओपीडी, एक मरीज को दे पाते हैं सिर्फ 7 मिनट
मरने वाली आपस में गोतनी थीं
मृत महिलाओं की पहचान योगेन्द्र महतो की पत्नी मनोरमा देवी और स्व. दिनेश मेहता की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है. दोनों आपस में गोतनी थीं.
जख्मी महिलाओं में उमेश महतो की पत्नी पुष्पति देवी और कमलेश महतो की पत्नी प्रभा देवी हैं. सभी एक ही परिवार आते हैं.
इसे भी पढ़ें : #GovtTeachers को मिलेंगे तीन चांस, अगर बच्चे नहीं हुए #Up_to_the_mark तो जायेगी नौकरी
मिलेगा चार-चार लाख मुआवजा
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर पुलिस एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच, मेदिनीनगर भेजा. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है.
थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि प्रावधान के तहत मृत महिलाओं के परिजनों को चार-चार लाख दिये जायेंगे. जल्द पुलिसिया कार्रवाई कर सिविल प्रशासन को लिखित जानकारी दे दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें : सरकार के दुलारे ये #IAS अधिकारी, जो करीब चार साल से जमे हैं एक ही पद पर




